गुरुग्राम: सनकी पति ने पत्नी और 4 बच्चों को दिया जहर; खुद की नस काटकर की सुसाइड की कोशिश
गुरुग्राम के वजीरपुर में नाजिम नामक व्यक्ति ने घरेलू कलह में पत्नी और 4 बच्चों की हत्या की। आरोपी पुलिस हिरासत में अस्पताल में भर्ती है। जानें पूरी घटना।
गुरुग्राम: साइबर सिटी के गांव वजीरपुर से एक ऐसी हृदय विदारक घटना सामने आई है जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। एक सनकी व्यक्ति ने घरेलू कलह के चलते अपनी पत्नी और चार मासूम बच्चों को जहर देकर मौत की नींद सुला दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद भी जान देने की कोशिश की, लेकिन फिलहाल वह पुलिस की हिरासत में अस्पताल में उपचाराधीन है।
रिश्तेदार के आने पर हुआ खुलासा
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से मुरादाबाद का रहने वाला नाजिम वजीरपुर में सैलून चलाता था। शनिवार देर शाम उसने अपनी 35 वर्षीय पत्नी और 8 से 14 साल की उम्र के चार बच्चों को जहरीला पदार्थ दे दिया। इसके बाद उसने अपने हाथ की नस काट ली। इस खौफनाक मंजर का पता तब चला जब उनका एक रिश्तेदार घर पहुँचा और सभी को लहूलुहान और बेसुध हालत में देखा।
अस्पताल पहुँचते ही 5 को घोषित किया मृत
रिश्तेदार आनन-फानन में सभी को अस्पताल ले गया, जहाँ डॉक्टरों ने महिला और चारों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। नाजिम की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज पुलिस की निगरानी में चल रहे है।
एसीपी नवीन के नेतृत्व में पुलिस की विभिन्न टीमें और अपराध शाखा (Crime Branch) मामले की गुत्थी सुलझाने में जुटी हैं। शुरुआती जांच में इसे घर के अंदरूनी झगड़े का परिणाम माना जा रहा है।पुलिस इस बात की पुष्टि करने में जुटी है कि मौत जहर से हुई है या गला दबाने से। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।पुलिस ने नाजिम को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है ताकि हत्याकांड की असली वजह सामने आ सके। इस घटना के बाद से वजीरपुर गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस क्रूर कृत्य की निंदा कर रहा है।