Narnaund Hansi Crime News: बहन से छेड़छाड़ के शक में हुई थी बॉक्सर दीपक की हत्या, रोहतक के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी
हांसी: हांसी के नारनौंद क्षेत्र के धर्मखेड़ी गांव में बॉक्सर खिलाड़ी दीपक की हत्या के मामले में बास थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहतक के अजायब गांव निवासी प्रिंस पुत्र हरिओम, जितेंद्र हुड्डा पुत्र राजवीर और आर्यन पुत्र समुद्र के रूप में हुई है. तीनों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा.
एसपी ने बताई हत्या की वजह: इस पूरे मामले में प्रेसवार्ता के दौरान हांसी एसपी विनोद कुमार ने बताया कि, "मृतक दीपक और मुख्य आरोपी प्रिंस आपस में दोस्त थे और महम में साथ बॉक्सिंग करते थे. पुलिस पूछताछ में प्रिंस ने आरोप लगाया कि दीपक उसकी बहन को कई दिनों से परेशान कर रहा था और उसके साथ छेड़छाड़ करता था. इसी बात को लेकर उसने दीपक को सबक सिखाने की योजना बनाई."
रिश्तेदारी से जुड़ा था विवाद: एसपी विनोद कुमार ने आगे बताया कि, "प्रिंस की बहन की शादी मोहित से हुई थी. मोहित, दीपक की सगी मौसी का बेटा है. बहन से छेड़छाड़ की जानकारी मिलने के बाद प्रिंस ने अपने साथियों के साथ दीपक के खिलाफ कार्रवाई की योजना बनाई. हालांकि इस पूरे आरोप की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी."
शराब और खाने का सामान लेकर पहुंचे: एसपी ने बताया कि, "आरोपी वारदात से पहले शराब और खाने-पीने का सामान लेकर धर्मखेड़ी पहुंचे थे. सभी खेत में बने कमरे की छत पर बैठे और शराब पी. पुलिस के मुताबिक दीपक को भी शराब पिलाई गई. पूछताछ में सामने आया है कि दीपक के नशे में होने के बाद पहले उसके सिर पर बीयर की बोतल से वार किया गया."
बेहोश होने के बाद कसी से हमला: पुलिस के अनुसार बीयर की बोतल से हमला करने के बाद दीपक बेहोश हो गया. इसके बाद आरोपियों ने कसी से हमला कर उसकी हत्या कर दी. एसपी ने बताया कि पुलिस अब हत्या में इस्तेमाल हथियार और वारदात के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.
पहले से हत्या की योजना थी या नहीं: एसपी विनोद कुमार ने बताया कि, "शुरुआती जांच में यह स्पष्ट नहीं है कि आरोपी शुरुआत से ही हत्या के इरादे से मौके पर पहुंचे थे. आरोपी शराब और खाने-पीने का सामान लेकर आए थे और पहले छत पर बैठकर शराब पी. आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. इसके बाद वारदात की पूरी योजना और घटनाक्रम स्पष्ट होगा."
वारदात के समय पांच लोग थे मौजूद: पुलिस के मुताबिक शुरुआत में मौके पर पांच लोग मौजूद थे. इनमें धर्मखेड़ी निवासी अजय भी शामिल था. पुलिस का कहना है कि अजय शराब पीने के बाद वहां से चला गया था और उसके जाने के बाद दीपक पर हमला किया गया. फिलहाल पुलिस अजय की भूमिका की जांच कर रही है और अभी तक हत्या में उसकी सीधी भूमिका सामने नहीं आई है.
रिमांड में खुलेगा हत्या का राज: बास थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है. एसपी ने बताया कि, "आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा. रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियार, हत्या की योजना और आरोपियों की भूमिका को लेकर पूछताछ की जाएगी. रिमांड के दौरान घटनाक्रम और हत्या में इस्तेमाल हथियार के बारे में पूछताछ की जाएगी."