{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Hansi Crime: हांसी में जमीन विवाद में भाई ने भाई को उतारा मौत के घाट

हांसी के मसूदपुर गांव में प्रॉपर्टी विवाद में 57 वर्षीय शमशेर सिंह की हत्या। सगे छोटे भाई सूरजमल पर लगा आरोप। खून से सना डंडा बरामद, आरोपी फरार। पुलिस जांच जारी।

 

हांसी : हांसी शहर के सदर थाना क्षेत्र के गांव मसूदपुर में सोमवार सुबह एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस और डीएसपी रविंद्र सांगवान घटनास्थल पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 57 वर्षीय शमशेर सिंह के रूप में हुई है। हत्या का आरोप उसके छोटे भाई सूरजमल पर लगा है और प्रारंभिक जांच में यह मामला प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। शमशेर सिंह सोमवार सुबह करीब 7 बजे अपने घर में चारपाई पर मृत पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस और डीएसपी रविंद्र सांगवान ने मौके का मुआयना किया और फोरेंसिक टीम ने भी आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

ग्रामीणों से प्राप्त जानकारी के अनुसार शमशेर तीन भाइयों में मंझला था, जोकी अविवाहित था। बड़ा भाई राजेंद्र जिसके तीन बच्चे हैं, कुछ वर्ष पूर्व मर चुका है। छोटा भाई सूरजमल के भी तीन बच्चे हैं। दोनों भाई खेती करते थे और कुछ समय पूर्व शमशेर ने अपनी खेती की जमीन सूरजमल के नाम कर दी थी। जिसे सूरजमल ने बेच दिया था। 

अभी सूरजमल अपने मकान को भी बेच रहा था। जिसका सूरजमल की पत्नी और शमशेर ने विरोध किया था। शमशेर का कहना था कि अगर यह मकान भी बेच दिया, तो उसके बच्चे कहां रहेंगे। इसी को लेकर आपसी विवाद चल रहा था। पुलिस ने मौके से एक डंडा भी बरामद किया है, जिस पर खून लगा हुआ था, पुलिस का अनुमान है कि इसी की मदद से शमशेर की हत्या हुई है। बताया गया है कि मृतक अविवाहित था और उसका अपने छोटे भाई सूरजमल के साथ एक प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस इसी पहलू से मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से आरोपी सूरजमल फरार है।

डीएसपी रविंद्र सांगवान ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सीआईए टीम गठित कर दी गई है और उसे जल्द ही हिरासत में ले लिया जाएगा। परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं।