Haryana Crime News: ग्राहक बनकर आया बदमाश और सेल्समैन पर बोतल से हमला कर नकदी उड़ाई
सोनीपत: सोनीपत के मुरथल क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. शराब खरीदने के बहाने ठेके में घुसे एक युवक ने सेल्समैन पर शराब की बोतल से हमला कर दिया और गल्ले से करीब 15 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गया. पूरी घटना ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. इधर, सूचना मिलते ही मुरथल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी.
ग्राहक बनकर आया, अचानक किया हमला: पुलिस के अनुसार उत्तर प्रदेश के मैनपुरी निवासी अवधेश मुरथल स्थित ठेकेदार जयंत के शराब ठेके पर सेल्समैन है. रविवार को ड्यूटी के दौरान एक युवक ग्राहक बनकर ठेके पर पहुंचा और शराब की बोतल मांगी. जैसे ही अवधेश बोतल निकालने लगे, आरोपी काउंटर के भीतर घुस गया और पीछे से उनके सिर पर उसी बोतल से हमला कर दिया. हमले से घायल हुए सेल्समैन संभल नहीं सके, जिसका फायदा उठाकर आरोपी गल्ले में रखी करीब 15 हजार रुपये की नकदी लेकर मौके से फरार हो गया.
बाहर मिली बिना नंबर प्लेट की चोरी की बाइक: इधर, घटना की सूचना मिलते ही एएसआई युद्धवीर सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस को जांच के दौरान ठेके के बाहर बिना नंबर प्लेट की एक बाइक लावारिस हालत में मिली. जांच में बाइक चोरी की निकली, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच का हिस्सा बना लिया है. पुलिस अब बाइक और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है.
जांच में जुटी पुलिस: इस पूरे मामले में पुलिस प्रवक्ता रविंद्र कुमार ने कहा, "सोनीपत के गांव मुरथल स्थित शराब के ठेके पर लूट की घटना सामने आई है. एक बदमाश शराब लेने के बहाने अंदर घुसा और बोतल से सेल्समैन पर हमला कर नकदी लेकर फरार हो गया. पुलिस सभी तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड होने से पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है."