{"vars":{"id": "123258:4912"}}

इंद्री: धनोरा जागीर में गौवंश के अवशेष मिलने से सनसनी, ग्रामीणों में भारी रोष!

करनाल के इंद्री स्थित धनोरा जागीर में गौवंश के अवशेष मिलने से तनाव। गौ रक्षा दल और ग्रामीणों का हंगामा। पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश तेज।

 

इंद्री : इंद्री क्षेत्र में गौवंश के अवशेष मिलने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में चिंता और रोष बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला गांव धनोरा जागीर का है, जहां धनोरा स्क्रैप में कई गायों के सिर और अवशेष मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही गौ रक्षा दल, हिन्दू वाहिनी के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। 

इस दौरान लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई गई। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने गौ रक्षा दल के सहयोग से सभी अवशेषों को विधि-विधान के साथ मिट्टी में दफन कराया। इसके साथ ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। 

गौरक्षा दल के कार्यकर्ता राजेश कलसौरा ने बताया कि धनोरा स्क्रैप में गौवंश के चार सिर मिले हैं, जिनमें से एक सिर शुक्रवार रात को मिला था। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई थी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गौवंश के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।

थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि गांव धनोरा जागीर में 3 से 4 गौवंश के अवशेष बरामद हुए हैं। पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत प्रतीत होती है।