{"vars":{"id": "123258:4912"}}

करनाल: वकील को गवाही देने पर जान से मारने की धमकी, इंटरनेशनल नंबर से आई कॉल!

करनाल के एडवोकेट सुखदेव शर्मा को केस में समझौता करने और गवाही न देने के लिए मिली जान से मारने की धमकी। अंतर्राष्ट्रीय नंबरों से आई कॉल। पुलिस जांच में जुटी।

 
करनाल : करनाल में एक वकील को केस में गवाही देने से रोकने और समझौता करने के लिए जान से मारने की धमकियां मिलने का मामला सामने आया है। एडवोकेट सुखदेव शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती 2 जनवरी को रात करीब 10.20 और 10.21 बजे उसके मोबाइल नंबर पर एक अंतर्राष्ट्रीय नंबर से 2 मिस्ड कॉल आईं जो उसने रिसीव नहीं कीं। इसके बाद अब 2 दिन पहले रात 10.32 और 10.34 बजे फिर कॉल आई। इस बार कॉल रिसीव की जिसमें 2 अलग-अलग व्यक्ति एक पंजाबी में और दूसरा हिंदी में बात कर रहा था।

फोन पर दोनों आरोपियों ने करीब 4 मिनट तक बात करते हुए सुखदेव शर्मा पर केस में समझौता करने और आरोपियों के खिलाफ गवाही न देने का दबाव बनाया। इसके बाद उसी रात करीब सवा 11 बजे फिर फिर कॉल आई और दोबारा धमकी दी कि अगर गवाही दी या केस वापस नहीं लिया तो उसे जान से मार दिया जाएगा। कॉल करने वाले ने कहा कि पहले एक व्यक्ति प्रेम की जान जा चुकी है और अगर उसकी भी जान चली गई तो परिवार का क्या होगा।