{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Karnal Murder: करनाल में खूनी खेल! युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला, मरने से पहले वीडियो में उजागर किए कातिलों के नाम

हरियाणा के करनाल (रामनगर) में पुरानी रंजिश के चलते अंकुश नाम के युवक की बेरहमी से हत्या। बदमाशों ने चाकुओं और लाठियों से किए 13 वार। मरने से पहले युवक ने वीडियो बनाकर 3 आरोपियों के नाम बताए। पीजीआई चंडीगढ़ ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम।

 

करनाल: हरियाणा के करनाल जिले के रामनगर इलाके में बीती रात सनसनी फैल गई, जब आधा दर्जन बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान रामनगर निवासी अंकुश के रूप में हुई है। हमलावरों ने न केवल उसे चाकू मारे, बल्कि लाठियों से हमला कर उसकी हड्डियां तक तोड़ डालीं।


जानकारी के मुताबिक, अंकुश बीती रात अपने काम पर जा रहा था। जैसे ही वह गया चौक के पास पहुँचा, पहले से घात लगाकर बैठे आधा दर्जन आरोपियों ने उसे घेर लिया। मौका मिलते ही आरोपियों ने अंकुश पर चाकुओं से हमला कर दिया। शरीर पर 13 गहरे घाव और लाठियों की चोट के कारण अंकुश लहूलुहान होकर गिर पड़ा।

परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुँचाया, जहाँ से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल पहुँचने से पहले ही रास्ते में अंकुश ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि अंकुश और आरोपियों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। कुछ समय पहले भी अंकुश पर हमला हुआ था, लेकिन उस वक्त आरोपियों ने माफी मांगकर समझौता कर लिया था। परिजनों का आरोप है कि वह समझौता महज एक दिखावा था और आरोपी मौके की तलाश में थे।

मरने से पहले वीडियो में बताए कातिलों के नाम
इस मामले में सबसे अहम कड़ी वह वीडियो है, जो अंकुश ने दम तोड़ने से पहले बनाया। अपनी आखिरी सांसों के बीच अंकुश ने तीन आरोपियों के नाम उजागर किए हैं। पुलिस के पास अब यह एक पुख्ता सबूत  के रूप में मौजूद है। घटना के बाद से ही रामनगर इलाके में तनाव का माहौल है।