{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Cyber Crime: गाड़ी के चालान के नाम पर आया WhatsApp मैसेज और कट गए ₹3.35 लाख; कुरुक्षेत्र में मोबाइल हैक कर खरीदे 11 स्मार्टफोन

सावधान! कुरुक्षेत्र में साइबर ठगों ने फर्जी चालान लिंक भेजकर एक व्यक्ति का मोबाइल हैक किया और ₹3.35 लाख की ठगी कर ली। ठगों ने क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर फ्लिपकार्ट से 11 मोबाइल खरीदे। जानें इस नई ठगी से बचने के जरूरी तरीके।

 

कुरुक्षेत्र  : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में साइबर ठगों ने फर्जी WhatsApp मैसेज भेजकर एक व्यक्ति के साथ करीब 3.35 लाख रुपए की ठगी कर ली। ठगों ने चालान का झांसा देकर मोबाइल हैक किया और पीड़ित के दो क्रेडिट कार्ड से 11 मोबाइल फोन खरीद लिए। साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

न्यू आजाद नगर निवासी साकेत कुमार ने बताया कि 31 जनवरी को उनके WhatsApp पर एक विदेशी नंबर से मैसेज आया, जिसमें उनकी गाड़ी का चालान कटने की सूचना दी गई थी। मैसेज में दिए गए लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल में एक फर्जी APK फाइल डाउनलोड होने लगी।

बार-बार OTP आने पर हुआ खुलासा

लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके फोन पर लगातार OTP आने लगे। शक होने पर जब उन्होंने अपने SBI और ICICI बैंक के क्रेडिट कार्ड की जांच की तो पता चला कि SBI कार्ड से करीब 45 हजार रुपए और ICICI कार्ड से लगभग 2.90 लाख रुपए निकाले जा चुके थे।
 
फ्लिपकार्ट अकाउंट हैक कर खरीदे मोबाइल

जांच में सामने आया कि ठगों ने उनका फ्लिपकार्ट अकाउंट हैक कर उसमें अपने दो मोबाइल नंबर जोड़ दिए। इसके बाद उसी अकाउंट से 11 महंगे मोबाइल फोन खरीदे गए और अलग-अलग स्थानों पर डिलीवरी करवा दी गई।

थाना साइबर के SHO महेश कुमार ने बताया कि ठग फर्जी लिंक और ऐप के जरिए मोबाइल हैक कर बैंक डिटेल्स चुरा लेते हैं। लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। साइबर अपराध के इस दौर में जागरूकता और सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।

ठगों के आम तरीके

बैंक लोन, क्रेडिट/डेबिट कार्ड ब्लॉक या रिन्यू के नाम पर कॉल या मैसेज।
सरकारी योजनाओं जैसे किसान, आवास या सब्सिडी योजना के नाम पर फॉर्म भरवाना।
घर बैठे कमाई, शेयर/क्रिप्टो में निवेश या पैसे दोगुने करने का झांसा।
फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर या रिश्तेदार की दुर्घटना का हवाला देकर रकम मांगना।
सोशल मीडिया पर लिंक भेजकर मोबाइल या सोशल अकाउंट हैक करना।

साइबर ठगी से बचाव के उपाय

किसी भी अनजान लिंक, APK या मैसेज पर क्लिक न करें।
केवल अधिकृत वेबसाइट और ऐप से ही लेन-देन करें।
ज्यादा मुनाफे के लालच से बचें।
ठगी का संदेह होते ही तुरंत बैंक कस्टमर केयर से संपर्क कर खाता/कार्ड फ्रीज करवाएं।
ट्रांजैक्शन अलर्ट मिलते ही 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें।
24 घंटे के भीतर राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
बैंक में रजिस्टर्ड ईमेल से तुरंत लिखित सूचना भेजें, ताकि रकम रिकवर होने की संभावना बढ़ सके।