कुरुक्षेत्र: लाडवा में ज्वेलर से गन पॉइंट पर लूट, सोशल मीडिया पर मिल रही धमकी
कुरुक्षेत्र के लाडवा में ज्वेलर सुकल्प सिंगल से गन पॉइंट पर लूट। नकाबपोश बदमाशों ने छीनी डायमंड रिंग और नकदी। वारदात के बाद पीड़ित को सोशल मीडिया पर मिल रही धमकियां।
कुरुक्षेत्र : जिले के लाडवा में ज्वेलर्स की दुकान पर गन प्वाइंट पर लूट का मामला सामने आया है। वारदात की CCTV फुटेज भी सामने आई है, जिसमें एक नकाबपोश बदमाश हथियार के साथ दुकान में घुसता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद से पीड़ित दुकानदार और उसका परिवार दहशत में है।
रेकी कर वारदात को दिया अंजाम
पीड़ित ज्वेलर सुकल्प सिंगल के अनुसार, बदमाश पहले से ही उनकी दुकान की रेकी कर रहे थे। जैसे ही वह पानी पीने के लिए दुकान के पिछले हिस्से में गए, उसी दौरान नकाबपोश बदमाश अंदर घुस आया और वारदात को अंजाम दिया।
21 अप्रैल की रात हुई घटना
उन्होंने बताया कि 21 अप्रैल की रात करीब 8:50 बजे वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे। तभी काले रंग की शर्ट और नेवी ब्लू जींस पहने बदमाश अंदर आया, आते ही धक्का देकर उन्हें काबू में कर लिया और गन उनके माथे पर तान दी।
अंगूठियां और नकदी लूटकर फरार
बदमाश ने जबरन उनके हाथ से सोने और डायमंड की दो अंगूठियां उतरवाईं और जेब से पर्स छीन लिया, जिसमें करीब 2 हजार रुपए थे। लूटी गई एक अंगूठी काफी महंगी बताई जा रही है, जो उन्हें सगाई में मिली थी।
बाइक सवार साथी के साथ भागा
वारदात के दौरान एक अन्य आरोपी दुकान के बाहर गली में बाइक पर खड़ा था, जिसने अपना चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। लूटपाट के बाद दोनों आरोपी बाइक पर बैठकर मेन बाजार की ओर फरार हो गए।
सोशल मीडिया पर मिल रहीं धमकियां
पीड़ित ने दावा किया कि घटना के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर धमकी भरे मैसेज मिल रहे हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि ये संदेश किसने भेजे हैं, लेकिन इससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।
एक हफ्ते बाद भी आरोपी फरार
घटना को एक सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पीड़ित ने पुलिस से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने CCTV फुटेज कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी है।