Kurukshetra Police Action: सीआईए-2 की बड़ी कार्रवाई, हत्या के प्रयास मामले में भगोड़ा अजय उर्फ काली गिरफ्तार
कुरुक्षेत्र पुलिस की CIA-2 टीम ने हत्या के प्रयास मामले में फरार चल रहे भगोड़े (PO) आरोपी अजय उर्फ काली को गिरफ्तार कर अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया है।
कुरुक्षेत्र : कुरुक्षेत्र पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में अदालत से भगोड़ा घोषित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन के मार्गदर्शन में अपराध अन्वेषण शाखा-2 की टीम ने आरोपी अजय उर्फ काली निवासी दीदार नगर, थानेसर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2021 में थाना शहर थानेसर में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज हुआ था। मामले में आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार किया गया था, लेकिन अदालत में सुनवाई के दौरान वह जमानत पर रिहा होने के बाद अदालत में पेश नहीं हुआ और बेल जंप कर गया। इसके बाद अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनमोल कक्कड़ की अदालत ने 31 अक्टूबर 2025 को उसे पीओ/बेल जंपर घोषित कर दिया था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 3 अगस्त 2026 को अपराध अन्वेषण शाखा-2 के प्रभारी निरीक्षक मनदीप सिंह के मार्गदर्शन में सहायक उप निरीक्षक नरेश कुमार, लखन सिंह, गुरबक्श और मुख्य सिपाही दिनेश कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अजय उर्फ काली को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।