नूंह: ओवरलोड डंपर ने पुलिस की बोलेरो को 20 मीटर तक घसीटा, 2 गिरफ्तार
फिरोजपुर झिरका में बेखौफ डंपर चालक ने पुलिस वाहन को जोरदार टक्कर मारी। 20 मीटर तक घसीटने के बाद चालक फरार। पुलिस ने डंपर मालिक और चालक को गिरफ्तार किया।
नूंह: फिरोजपुर झिरका क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान एक तेज रफ्तार ओवरलोड डंपर ने पुलिस की सरकारी बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डंपर पुलिस वाहन को करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया. इस हादसे में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए, जबकि सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचा. घटना के बाद चालक डंपर समेत मौके से फरार हो गया.
ओवरलोड डंपर ने पुलिस पीसीआर को टक्कर मारी: डीएसपी हरदीप सिंह के अनुसार "थाना शहर फिरोजपुर झिरका की पुलिस टीम एनएच-248ए पर अजीज होटल के पास रात्रि गश्त में जुटी हुई थी. प्रशासन के निर्देश पर क्षेत्र में ओवरलोड डंपरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान अंबेडकर चौक की ओर से पत्थरों से भरा ओवरलोड डंपर तेज गति से सड़क पर लहराता हुआ और प्रेशर हॉर्न बजाता हुआ आता दिखाई दिया."
बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी: डीएसपी के मुताबिक "पुलिस टीम ने सरकारी वाहन की लाल बत्ती और टॉर्च के माध्यम से चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय सीधे पुलिस की बोलेरो के ड्राइवर साइड में टक्कर मार दी. टक्कर के बाद डंपर पुलिस वाहन को करीब 20 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे बोलेरो सड़क किनारे किकर के पेड़ों में जाकर फंस गई. हादसे के दौरान वाहन में मौजूद पुलिसकर्मी किसी तरह सुरक्षित बच गए."
दो आरोपी गिरफ्तार: जांच के दौरान यह भी सामने आया कि डंपर पर कोई नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी. पुलिस का आरोप है कि चालक ने जानलेवा तरीके से वाहन चलाते हुए सरकारी वाहन को क्षति पहुंचाई और मौके से फरार हो गया. प्रेस वार्ता में डीएसपी हरदीप सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में थाना शहर फिरोजपुर झिरका में अज्ञात डंपर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जिनमें चालक हाकम और मालिक बट्टू शामिल हैं.