{"vars":{"id": "123258:4912"}}

पलवल: गन पॉइंट पर लिफ्ट देकर लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़, 36 वारदातों को अंजाम देने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार

पलवल सीआईए ने लिफ्ट देने के बहाने गन पॉइंट पर लूटपाट करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर दिल्ली और हरियाणा में 36 से ज्यादा केस दर्ज हैं। केएमपी पुल के पास से i-10 गाड़ी और कट्टे के साथ पकड़े गए बदमाश।

 

पलवल : पलवल सीआईए टीम ने सीआईए इंचार्ज रविन्द्र सिंह के नेतृत्व में बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जो लोगों को विश्वास में लेकर लिफ्ट देने के बहाने गन पॉइंट पर लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। यह जानकारी डीएसपी मनोज वर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी।

डीएसपी मनोज वर्मा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरोह जिसमें तीन लोग शामिल होते थे जिनमें से दो व्यक्ति गाड़ी में बैठे रहते थे और एक व्यक्ति अकेली सवारी जो अपने गंतव्य स्थान के लिए पहुंचने के लिए किसी व्हीकल के इंतजार में खड़ी रहती उसे उसके गंतव्य स्थान के बारे में पूछकर उसे भरोसे में लेकर अपनी गाड़ी तक लाता और बिठाकर उसी रोड पर आगे चलकर सवारियों के साथ गण प्वाइंट पर लूटपाट एवं डकैती की घटनाओं को उनके साथ अंजाम दिया जाता था। 

इस संबंध में पलवल में भी कई घटनाएं सामने आई जिसके चलते पलवल जिला पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला इसकी जांच सीआईए पलवल को सौंपी जिसपर कार्यवाही करते हुए इंचार्ज रविन्द्र सिंह की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर केएमपी पुल के नीचे से तीन आरोपियों को काबू किया जिनकी पहचान विकास उर्फ मोटे निवासी त्रिलोकपूरी मयूर विहार नई दिल्ली, मुन्ना निवासी देवरिया गोरखपुर उत्तरप्रदेश एवं अजय मिश्रा निवासी त्रिलोकपुरी दिल्ली के रूप में हुई है जिनके पास से पुलिस ने एक आई 10 गाड़ी एवं एक देशी कट्टा बरामद किया है।

 इतना ही नहीं अपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के बाद आरोपियों पर तीन दर्जन से ज्यादा लूट जैसे संगीन मामले दर्ज हैं जिनमें पलवल जिले के सदर और कैंप थाना में चार वारदात शामिल हैं। डीएसपी मनोज वर्मा ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और जुड़े हुए नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।