{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Panipat News: मासूम से दरिंदगी और हत्या के दोषी तांत्रिक को आखिरी सांस तक जेल; पानीपत कोर्ट का बड़ा फैसला

पानीपत कोर्ट ने 7 साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के दोषी तांत्रिक शिवकुमार को सुनाई आखिरी सांस तक उम्रकैद। पश्चिम बंगाल से हुआ था गिरफ्तार। जानें पूरा मामला।

 

पानीपत: अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश पीयूष शर्मा की अदालत ने सात साल की बच्ची की दुष्कर्म से हत्या के साढ़े तीन साल पुराने मामले में आरोपी तांत्रिक शिवकुमार (35) को मंगलवार को दोषी करार देते हुए आखिरी सांस तक जेल में रहने की सजा सुनाई। उस पर 1.35 लाख रुपये का अर्थदंड भी लगाया गया है।

शिव कुमार पानीपत में कुलदीप नगर में रहता था और आरा मशीन पर काम करता था। उसका बच्ची के मजदूरी करने वाले परिवार के साथ मेलजोल था। 24 अक्तूबर 2022 को बच्ची के परिजन बाहर गए थे। शिव कुमार बच्ची को अगवा कर झाड़ियों में ले गया था। वहां दरिंदगी के बाद बच्ची की पायजामी से ही गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। बच्ची के न मिलने पर 25 अक्तूबर को पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई। शिव कुमार भी बच्ची के परिजनों के साथ उसे तलाश करने का नाटक करता रहा।

पुलिस जब उन झाड़ियों तक पहुंची जिनमें बच्ची का शव मिला था वैसे ही शिव कुमार भाग निकला। पुलिस ने उसे पश्चिम बंगाल के हावड़ा से गिरफ्तार किया था। तांत्रिक शिव कुमार ने यमुनानगर में रहने के दौरान बच्चे के साथ कुकर्म किया था। इस मामले में वह दोषी सिद्ध हुआ था। उसे कोर्ट ने पांच साल कैद की सजा सुनाई थी।