पिहोवा: बिजली कनेक्शन न मिलने से परेशान किसान ने निगला जहरीला पदार्थ
पिहोवा: पिहोवा के रामगढ़ रोड पर ट्यूबवेल बिजली कनेक्शन विवाद से परेशान किसान ने बिजली विभाग कार्यालय के सामने जहरीला पदार्थ निगल लिया। किसान जितेंद्र को तुरंत सरस्वती मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। परिजनों का आरोप है कि लंबे समय से कनेक्शन नहीं मिलने और विभागीय सुनवाई न होने से वह मानसिक रूप से परेशान था।
अधिकारी की सफाई: "विभाग ने कभी नहीं किया इनकार"
दूसरी तरफ, इन गंभीर आरोपों पर बिजली विभाग के एसडीओ (SDO) प्रिंस बूरा ने अपनी सफाई पेश की है। उन्होंने परिजनों के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए कहा कि विभाग ने किसान को कनेक्शन देने से कभी इनकार नहीं किया है। मामले की तकनीकी जांच और तय प्रक्रिया के तहत ही काम चल रहा था।
स्थानीय पुलिस ने इस घटना के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है। किसान संगठनों ने इस कदम पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए अन्नदाता की इस मजबूरी के लिए सीधे तौर पर प्रशासनिक सुस्ती को जिम्मेदार ठहराया है।