Rewari Crime: दिल्ली रोड पर बोलेरो का शीशा तोड़कर 28 हजार और लैपटॉप चोरी
रेवाड़ी की बालाजी मार्केट में दिनदहाड़े चोरी। बाइक सवार बदमाशों ने 3 मिनट में बोलेरो का शीशा तोड़कर लैपटॉप और ₹28 हजार कैश उड़ाया। CCTV में कैद हुई पूरी वारदात।
रेवाड़ी : रेवाड़ी शहर में चोरों का आतंक लगातार जारी है और बैखोफ होकर चोरियां हो रही हैं। इस बार चोर बोलेरो गाड़ी का शीशा तोड़कर उससे दो बैग चुरा ले गए। एम्बुलेंस व होमकेयर सर्विस संचालक के एक बैग में लैपटॉप और दूसरे बैग में 28 हजार कैश, तीन पैन ड्राइव व ऑफिस रिकार्ड के रजिस्टर थे। बाइक सवार युवकों ने तीन मिनट में चोरी की।
वारदात को दिल्ली रोड की बालाजी मार्केट माकेट में शाम 4:35 पर अंजाम दिया गया। घटना का एक सीसीटीवी भी सामने आया है। जिसमें वारदात को अंजाम देने के बाद दो युवक बाइक पर सवार होकर जाते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। दो युवक बाइक पर सवार होकर 4:35 पर वहां पहुंचे। एक युवक बाइक पर बैठा रहा और दूसरा 4:34 तक गाड़ी के आसपास घूमता रहा। 4:34 पर नीचे घूम रहा युवक सड़क की ऑफ साइड में जाता है। कार का पिछला शीशा तोड़कर उससे दो बैग चोरी करता है।इसके बाद पहले से बाइक पर सवार अपने साथी के साथ सवार होकर वहां से फरार हो जाता है।
गांव बिहारीपुर के सोनू ने बताया कि वह एंबुलेंस और होमकेयर सर्विस का काम करता है। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दोपहर तीन बजे अपने जीजा की टेंपरेरी नंबर की बोलेरो लेकर दिल्ली रोड स्थित अपने मामा के सेल परचेज ऑफिस गया था। पांच बजे ऑफिस से बाहर आया, तो गाड़ी का दाहिना शीशा टूटा मिला। जांच करने पर गाड़ी से दो बैग गायब मिले। जिनमें लैपटॉप, 28 हजार कैश, तीन पैन ड्राइव व आफिस रिकार्ड था। मॉडल टॉउन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।