{"vars":{"id": "123258:4912"}}

रेवाड़ी: धवाना में चटाई में मिला शव ज्योति का निकला; पति पर हत्या का केस

रेवाड़ी के धवाना में चटाई में लिपटी मिली महिला की पहचान यूपी की ज्योति के रूप में हुई। पिता का आरोप- पति कंवरपाल ने गला दबाकर की हत्या। पुलिस ने दर्ज किया मामला।

 

रेवाड़ी : रेवाड़ी जिले के धवाना स्थित माखरिया की ढाणी की बणी में रविवार को चटाई में लिपटा मिला महिला का शव उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के कुमीडिया गांव निवासी 26 वर्षीय ज्योति का निकला। मृतका के पिता की शिकायत पर खोल थाना पुलिस ने पति कंवरपाल के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। 

साल 2018 में हुई थी ज्योति की शादी 

मृतका के पिता रामाधार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि ज्योति की शादी वर्ष 2018 में सहमति से गांव मंदौला निवासी कंवरपाल के साथ उत्तर प्रदेश के एक मंदिर में हुई थी। दंपति का एक चार वर्षीय बेटा भी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंवरपाल ने ज्योति की गला दबाकर हत्या की। इसके बाद पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से उसके चेहरे को कुचल दिया। 

चटाई में लपेट सुनसान स्थान पर फेंक दिया था शव 

आरोप है कि हत्या के बाद शव को चटाई में लपेटकर धवाना क्षेत्र की बणी में एक सुनसान स्थान पर फेंक दिया गया और आरोपी फरार हो गया। रविवार दोपहर स्थानीय लोगों ने बणी में चटाई में लिपटा शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल रेवाड़ी की मोर्चरी में रखवा दिया। 

मृतका के परिजनों ने लगाए ये आरोप 

मृतका के पिता ने यह भी आरोप लगाया कि कंवरपाल अक्सर ज्योति के साथ मारपीट करता था तथा शराब का आदी था। घरेलू कलह से परेशान होकर ज्योति कुछ समय पहले अपने मायके कुमीडिया, प्रतापगढ़ चली गई थी। मंगलवार को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से मृतका के परिजनों को बुलाया। नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में परिजनों ने शव की पहचान ज्योति के रूप में की। परिजनों का आरोप है कि ज्योति की हत्या गला घोंटकर की गई तथा पहचान छिपाने के लिए उसके चेहरे को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया। पुलिस के अनुसार परिजनों के देर से पहुंचने के कारण मंगलवार को पोस्टमार्टम नहीं हो सका। अब आज पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं खोल थाना पुलिस ने पति कंवरपाल के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।