एकता कॉलोनी मर्डर केस में ₹5 हजार का इनामी बदमाश संतोष गिरफ्तार, 2022 से था फरार
रोहतक पुलिस ने एकता कॉलोनी में 2022 में हुई हत्या के मामले में ₹5,000 के इनामी आरोपी संतोष को गिरफ्तार किया है। जानें पैसों के लालच में कैसे की गई थी वारदात।
रोहतक: एकता कॉलोनी के पास सीवरेज के गड्ढे में मिले अज्ञात युवक के शव के मामले में रोहतक पुलिस ने 5 हजार रुपए के ईनामी आरोपी संतोष पुत्र देवनारायण निवासी गांव तमौतपरसा, बिहार को गिरफ्तार कर लिया है। उसको अदालत में पेश करने के बाद एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता मनीष ने बताया कि 14 फरवरी, 2022 को पुलिस को सूचना मिली थी कि एकता कॉलोनी से कन्हेली डेरियों की ओर जाने वाली गली में काली माता मंदिर के समीप सीवरेज के गड्ढे में एक युवक का शव पड़ा है।
पुलिस ने मौके पर शव को बाहर निकलवाकर मार्चरी में रखवा दिया। 17 फरवरी को मृतक की पहचान रामआश्रय पुत्र परमेश्वर निवासी बिहार के रूप में हुई। मृतक के परिजनों की शिकायत पर थाना शिवाजी कॉलोनी में हत्या का मामला दर्ज किया गया जिसकी जांच सी. आई.ए.-2 स्टाफ को सौंपी गई थी। वारदात में शामिल दूसरा आरोपी निलेश पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक रामआश्रय अपने पास नकदी रखता था। इसी लालच में दोनों आरोपियों ने उसकी हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने पहले रामआश्रय का गला घोंटा और फिर रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों आरोपी शव को सीवरेज के गड्ढे में फेंककर मौके से फरार हो गए थे।