Madina Village Rohtak Crime News: बहुअकबरपुर थाना क्षेत्र में मिला अज्ञात युवक का जला हुआ शव, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य
रोहतक : बहुअकबरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव मदीना से पहले हिसार-दिल्ली रोड के किनारे सोमवार को एक युवक का जला हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की हालत देखकर प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि किसी ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे आग लगाई गई है। सूचना मिलने के बाद बहुअकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल पर एफएसएल टीम को भी बुलाया है, ताकि मौके से साक्ष्य जुटाए जा सकें।
बहुअकबरपुर थाना प्रभारी जसबीर ने बताया कि डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली थी कि मदीना गांव के पास नेशनल हाईवे के किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है और शव को आग लगाई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचने के समय शव में आग लगी हुई थी, जिसे बुझाया गया।
थाना प्रभारी के अनुसार, शव को देखने से प्रतीत होता है कि मृतक की उम्र करीब 20 से 22 वर्ष हो सकती है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि युवक की कहीं अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद शव को यहां लाकर आग लगाई गई हो। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है । एफएसएल टीम घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ मृतक की पहचान और घटना से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।