सोनीपत मर्डर मिस्ट्री सुलझी: जटवाड़ा में बुजुर्ग महिला की हत्या के आरोपी गिरफ्तार
सोनीपत के जटवाड़ा गांव में बुजुर्ग महिला संतोष की हत्या और लूट का खुलासा। क्राइम ब्रांच ने गांव के ही दो युवकों को किया गिरफ्तार। वकालत का छात्र निकला मुख्य आरोपी।
सोनीपत : सोनीपत जिले के गांव जटवाड़ा में बुजुर्ग महिला संतोष की लूट के बाद हत्या के मामले क्राइम ब्रांच-1 को बड़ी कामयाबी मिली है। टीम ने बुजुर्ग महिला संतोष की हत्या से पर्दा उठाया। महिला का शव घर के बाथरूम से संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। टीम ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी अंकित और विक्रांत गांव जटवाड़ा के ही रहने वाले हैं। दोनों ने बुजुर्ग महिला संतोष की हत्या के बाद शव से सोने की चेन, कड़ा अंगूठी और बाली लूटी थी। विक्रांत एक निजी कॉलेज से वकालत की पढ़ाई है। अंकित हाल ही में एक निजी कंपनी में कार्यरत है। सोनीपत क्राइम ब्रांच 1 की टीम आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है।
बता दें कि 24 मई को जटवाड़ा स्थित गवर्नमेंट स्कूल के सामने गली में रहने वाली संतोष का शव उनके घर के बाथरूम में पड़ा मिला था। महिला घर में अकेली रहती थी। पड़ोसियों के अनुसार जब काफी समय तक वह घर से बाहर दिखाई नहीं दी तो आसपास के लोगों को शक हुआ। इसके बाद पड़ोसी हालचाल जानने के लिए घर पहुंचे। घर का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो बाथरूम में महिला का शव पड़ा मिला। महिला के दोनों हाथ और दोनों पैर चुन्नी से बंधे हुए थे, जबकि मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था। शव को देखकर अंदाजा लगाया गया था कि महिला की हत्या करने के बाद शव को बाथरूम में डाल दिया गया था।