{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Yamunanagar Crime News: सहारनपुर से यमुनानगर में सप्लाई होनी थी स्मैक, पुलिस ने 50 लाख के नशे संग दबोचा

यमुनानगर पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने कलानौर बॉर्डर से UP के गंगोह निवासी दानिश को 260 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है।
 

यमुनानगर :  यमुनानगर में नशे के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की तरफ से एक युवक स्मैक लेकर यमुनानगर में दाखिल होने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कलानौर बॉर्डर के पास नाकाबंदी कर जाल बिछाया।जैसे ही संदिग्ध युवक पुलिस के रडार पर आया, टीम ने उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 260 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक बरामद नशे की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक है।

 गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश के रूप में हुई है, जो सहारनपुर जिले के गंगोह का रहने वाला है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी के खिलाफ चोरी के दो मामले सामने आए हैं। हालांकि पुलिस को शक है कि आरोपी का नशे के कारोबार से पुराना कनेक्शन हो सकता है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी स्मैक कहां से लेकर आया था और यमुनानगर में इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी इससे पहले कितनी बार नशे की खेप लेकर यमुनानगर आया और इस नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसका पुलिस रिमांड लिया गया है। अब पूछताछ के दौरान पुलिस की नजर सिर्फ आरोपी तक नहीं, बल्कि स्मैक की पूरी सप्लाई चेन तक पहुंचने पर है।