'किसी एक से दोस्ती का मतलब दूसरे से दुश्मनी नहीं', भारत-अमेरिका पर बांग्लादेश का बड़ा बयान
चीन के साथ बढ़ते आर्थिक संबंधों के बीच बांग्लादेश ने भारत और अमेरिका के साथ अपने रिश्तों पर स्थिति साफ की है। विदेश सलाहकार डॉ. खलीलुर रहमान ने कहा कि विदेश नीति राष्ट्रीय हितों पर आधारित है।
चीन के साथ बढ़ती नजदीकियों के बीच बांग्लादेश ने भारत और अमेरिका के साथ अपने संबंधों को लेकर स्थिति स्पष्ट कर दी है. बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार (विदेश मंत्री) डॉक्टर खलीलुर रहमान ने कहा कि किसी एक देश के साथ रिश्ते मजबूत होने का मतलब यह नहीं है कि दूसरे देश के साथ संबंध कमजोर हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश अपनी विदेश नीति में सभी देशों के साथ राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देता है.
डॉ. रहमान का यह बयान ऐसे समय आया है जब दक्षिण और मध्य एशिया के लिए अमेरिकी विशेष दूत सर्जियो गोर तीन दिन के दौरे पर बांग्लादेश पहुंचे हैं. उनकी यात्रा ऐसे वक्त हो रही है जब चीन बांग्लादेश में अपने आर्थिक और रणनीतिक निवेश को तेजी से बढ़ा रहा है. मीडिया से बात करते हुए डॉक्टर खलीलुर रहमान ने कहा कि हम कभी भी एक देश के साथ संबंध मजबूत करने के लिए दूसरे देश के साथ अपने रिश्तों को नुकसान नहीं पहुंचाएंगे. हम हर देश के साथ अपने राष्ट्रीय हितों को सुरक्षित रखते हुए आगे बढ़ेंगे.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की हालिया चीन यात्रा सफल रही और यदि भविष्य में प्रधानमंत्री भारत का दौरा करते हैं तो वह भी उतनी ही सफल यात्रा होगी. उन्होंने कहा कि विदेश नीति को किसी प्रतिस्पर्धा के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि यह पत्नी और सौतन के बीच की लड़ाई नहीं है. हमारे रिश्ते राष्ट्रीय हितों पर आधारित हैं और हम वहीं जाएंगे जहां हमारे हित होंगे.
चीन के औद्योगिक निवेश के बीच अमेरिका की सक्रियता के क्या है मायने?
अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल की यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब बांग्लादेश के चटगांव में चीन के पहले राष्ट्रीय स्तर के आर्थिक एवं औद्योगिक क्षेत्र का निर्माण शुरू होने जा रहा है. इस परियोजना को चीन रोड एंड ब्रिज कॉर्पोरेशन (CRBC) विकसित कर रही है, जो चीन की सरकारी कंपनी है और बेल्ट एंड रोड इनिशिएटिव (BRI) की प्रमुख एजेंसियों में शामिल है.
विदेश नीति के जानकारों का मानना है कि चीन के बढ़ते निवेश और प्रधानमंत्री तारिक रहमान की हालिया बीजिंग यात्रा के बाद अमेरिका बांग्लादेश की रणनीतिक प्राथमिकताओं को करीब से समझना चाहता है.बांग्लादेश में अमेरिकी राजदूत ब्रेंट टी. क्रिस्टेंसन ने कहा कि विशेष दूत सर्जियो गोर की यात्रा अमेरिका-बांग्लादेश रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करेगी.
BNP की सरकार बनने के बाद अमेरिका में तीसरे अधिकारी का दौरा
फरवरी में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के नेतृत्व वाली सरकार के सत्ता में आने के बाद सर्जियो गोर बांग्लादेश का दौरा करने वाले तीसरे वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी हैं. इससे पहले मार्च 2026 में दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के सहायक विदेश मंत्री पॉल कपूर और मई में अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय के सहायक ब्रेंडन लिंच भी ढाका का दौरा कर चुके हैं.