{"vars":{"id": "123258:4912"}}

US Politics: क्या कुर्सी छोड़ेंगे डोनाल्ड ट्रंप? 25वें संशोधन के तहत हटाने की मांग तेज

ईरान पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद फंसे डोनाल्ड ट्रंप। अमेरिकी सांसदों ने 25वें संशोधन के तहत राष्ट्रपति को हटाने की मांग की। जानें क्या है यह कानून और कैसे जा सकती है कुर्सी।

 

ईरान के खिलाफ अपशब्द बोलकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुरी तरह फंस गए हैं. अमेरिका में विपक्षी सांसदों की तरफ से उनके खिलाफ 25वें संशोधन के तहत अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग तेज हो गई है. कम से कम 5 सांसदों ने ट्रंप को हटाने के लिए इस कानून का इस्तेमाल करने की मांग की है. इन सांसदों का कहना है कि ट्रंप बुरी तरह अपने कर्तव्यों को निभा पाने में अक्षम हैं. उन्हें कुर्सी से हटाना ही एकमात्र विकल्प है.

अमेरिका में राष्ट्रपति को हटाने या हटने को लेकर 25वें संशोधन में विस्तार से बताया गया है. इस कानून के तहत अगर राष्ट्रपति को हटाया जाता है तो उपराष्ट्रपति बाकी समय के लिए उसका कार्यभार ग्रहण करता है.

ट्रंप के खिलाफ क्यों उठ रही ये मांग?

डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार (4 अप्रैल) को अपने एक पोस्ट में ईरान को लेकर आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिससे अमेरिकी विपक्ष के सांसद भड़क उठे. यूएस स्टेट रिप्रजेंटेटिव बेक्का बालिंट ने एक पोस्ट में कहा- ओबामा या बाइडेन ने इस तरह की बात कही होती तो रिपब्लिकन क्या करते? सभी लोग उन्हें हटाने की मांग करते. मैं भी ट्रंप को हटाने की मांग करती हूं.

सीनेटर क्रिस मर्फी ने पोस्ट कर लिखा- अगर मैं ट्रंप कैबिनेट का हिस्सा होता तो 25वें संशोधन को लागू करने के लिए वकीलों से बात करता. ट्रंप लोगों की हत्या करने में लगे हैं. इसी तरह कांग्रेस सदस्य यास्मीन अंसारी ने पोस्ट में लिखा- राष्ट्रपति ट्रंप पागल हो चुके हैं. उनके खिलाफ प्रस्ताव लाने का यही सबसे सही समय है. क्योंकि ट्रंप की वजह से पूरी दुनिया खतरे में है.

रिप्रजेंटेटिव मेलेनी स्टांसबेरी के मुताबिक सम्राट पूरी तरह से नंगे हो चुके हैं. यही वक्त है, नहीं तो पानी सिर से ऊपर चला जाएगा.

यूएस में 25वें संशोधन का मामला क्या है?

अमेरिका में राष्ट्रपति को पद से हटाने/हटने को लेकर 25वें संशोधन के तहत एक कानून तैयार किया गया था. इसमें राष्ट्रपति के अचानक से मौत हो जाने या असमर्थ हो जाने पर आगे का विकल्प बताया गया है. राष्ट्रपति के हटने या हटाने पर उपराष्ट्रपति उनके पद को शेष कार्यकाल तक संभाल सकते हैं.

इस कानून को अमल में लाने के लिए पहले कैबिनेट को एक प्रस्ताव लाना होता है. राष्ट्रपति अगर इसका विरोध करते हैं तो उसे संसद में ले जाया जाता है. सीनेट और कांग्रेस के अगर 2 तिहाई सदस्य इस प्रस्ताव को मंजूर कर लेते हैं तो राष्ट्रपति को कुर्सी छोड़नी पड़ती है.

एक्सप्रेस यूके के मुताबिक ट्रंप ने ईरान के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के बाद 3 दिन की छुट्टी ले ली है.