{"vars":{"id": "123258:4912"}}

डोनाल्ड ट्रंप का मेडिकल टेस्ट: राष्ट्रपति ने खुद को बताया फिट, जानें रिपोर्ट

80 साल के होने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कराया मेडिकल टेस्ट। मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य पर उठ रहे सवालों के बीच ट्रंप ने खुद को बताया पूरी तरह फिट।

 

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शारीरिक और मानसिक रूप से पूरी तरह फिट हैं. मंगलवार (26 मई) को मेडिकल टेस्ट कराने के बाद राष्ट्रपति ने खुद अपनी रिपोर्ट शेयर की. व्हाइट हाउस का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में राष्ट्रपति की पूरी जांच रिपोर्ट शेयर की जाएगी. अभी उस पर काम चल रहा है. 13 महीने पहले अमेरिकी राष्ट्रपति की कुर्सी संभालने वाले ट्रंप ने चौथी बार अपनी मेडिकल जांच कराई है.

पीबीएस के मुताबिक ट्रंप अगले महीने 80 साल के हो जाएंगे. ऐसे में इस मेडिकल टेस्ट को नियमित टेस्ट बताया जा रहा है. ट्रंप ने यह मेडिकल टेस्ट वाल्टर रीड चिकित्सा केंद्र में कराया है.

ट्रंप के हेल्थ पर उठ रहे थे सवाल

1. न्यूयॉर्क टाइम्स ने पिछले महीने विश्लेषकों के हवाले से राष्ट्रपति ट्रंप को लेकर एक रिपोर्ट की थी. इसमें कहा गया था कि ट्रंप जिस तरीके से पर्सनल मामले को शेयर कर रहे हैं, उससे उनकी मानसिक स्थिति को लेकर सवाल उठाया जा रहा है.

2. कई मौकों पर ट्रंप की ऐसी तस्वीर वायरल हुई है, जिसमें उनके हाथ और गर्दन के पास सूजन देखा गया है. ट्रंप ने एक बयान में कहा कि वे एस्पिरिन ज्यादा लेते हैं, इसलिए उनके हाथों में सूजन है. एक मौके पर उनके पांव के पास भी सूजन देखा गया था.

3. डोनाल्ड ट्रंप 14 जून को 80 साल के होने वाले हैं. उनकी उम्र संबंधी बीमारियों की भी चर्चा होती है. हालांकि, ट्रंप खुद को स्वस्थ बताते रहे हैं.

किन बीमारियों की जांच कराने पहुंचे थे ट्रंप?

व्हाइट हाउस के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप वाल्टर रीड सेंटर में अपनी दांतों की समस्या से संबंधित जांच कराने पहुंचे थे. वहीं, व्हाइट हाउस के पूर्व डॉक्टर डॉ. जेफरी कुलहमन ने पीबीएस से बात करते हुए कहा कि जिस सेंटर में ट्रंप जांच कराने पहुंचे हैं, वहां सीटी स्कैन, कोलोनोस्कोपी और अल्ट्रासाउंड जैसी जांचें की जाती हैं. इस सेंटर में कैंसर की जांच भी होती है.

कुलहमन का मानना है कि ट्रंप वहां हृदय स्वास्थ्य, कैंसर तथा तंत्रिका संबंधी रोगों से जुड़े परीक्षण कराने गए होंगे. हालांकि, अमेरिका के नियमों के मुताबिक राष्ट्रपति अपने स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी सार्वजनिक करने के लिए बाध्य नहीं होते.

ऐसे में माना जा रहा है कि ट्रंप की मेडिकल रिपोर्ट की सच्चाई शायद ही बाहर आ सके.