NYC मेयर जोहरान ममदानी ने तोड़ी परंपरा; इजराइल डे परेड में नहीं हुए शामिल
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी इजराइल डे परेड में शामिल नहीं होने वाले पहले मेयर बने। फिलिस्तीन समर्थक रुख और यहूदी समुदाय की नाराजगी के बीच बढ़ी राजनीतिक बहस।
न्यूयॉर्क सिटी के मेयर जोहरान ममदानी अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं. इस बार वो यहूदी समाज का अपमान को लेकर चर्चा में हैं. ममदानी रविवार को आयोजित इजराइल डे परेड में शामिल नहीं हुए इसको लेकर कुछ लोगों ने नाराजगी जाहिर की है. अमेरिका के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है. जिससे राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज हो गई.
दशकों पुरानी राजनीतिक परंपरा को तोड़ते हुए जोहरान ममदानी ने 31 मई को इजराइल के सम्मान में आयोजित होने वाली सालाना परेड में हिस्सा नहीं लिया. दशकों से यह परेड न्यूयॉर्क के मेयर, गवर्नर और अन्य बड़े नेताओं के लिए एक अहम राजनीतिक कार्यक्रम मानी जाती रही है, लेकिन ममदानी ने अपने फिलिस्तीनी समर्थक रुख के चलते इसमें शिरकत नहीं की. इस परेड में शामिल न होने वाले ममदानी पहले मेयर हैं.
फिलिस्तीन के समर्थक हैं ममदानी
दरअसल जोहरान ममदानी ने फिलिस्तीन के समर्थक हैं और इस परेड में इजराइल को सम्मानित किया जा रहा था जिस वजह से ममदानी परेड में मौजूद नहीं रहे.यह परेड हर साल इजरायइ दिवस पर मनाई जाती है, जहां 1948 में यहूदी देश के रूप में हुए इजराइल के गठन का जश्न मनाया जाता है.
चुनाव प्रचार के दौरान किया था इनकार
ममदानी ने इस परेड को लेकर अपना रुख पहले ही साफ कर दिया था कि वो इस परेड में शामिल नहीं होंगे. पिछले हफ्ते न्यूयॉर्क में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ममदानी ने कहा कि वो अपने विचार इजराइल सरकार को लेकर पहले ही साफ कर चुके हैं. उन्होंने कहा था कि चुनाव प्रचार के समय ही उन्होंने यह बात कह दी थी कि वो इजराइल डे परेड में शामिल नहीं होंगे.हालांकि उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि परेड के शांतिपूर्ण संचालन के लिए न्यूयॉर्क पुलिस की ओर से पूरी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी.
यहूदी समुदाय ने जताई नाराजगी
जोहरान ममदानी के परेड में न शामिल होने के निर्णय की शहर में जमकर निंदा हुई. लॉन्ग आइलैंड के हैम्पटन सिनेगॉग के हेड रब्बी मार्क श्नायर ने ममदानी के फैसले को न्यूयॉर्क के यहूदी समुदाय का अपमान बताया. उन्होंने कहा ‘अगर आप परेड में नहीं आना चाहते तो घर पर ही रहें. हमें आपकी जरूरत नहीं है’. वहीं न्यूयॉर्क सिटी की पुलिस कमिश्नर जेसिका टिश जो यहूदी समुदाय से आती हैं वो परेड में शामिल हुईं. उन्होंने कहा कि ममदानी का परेड में हिसेसा न लेना उनका अपना फैसला है और परेड में गर्व से शामिल होना यह मेरा फैसला है.
‘नकबा’ को याद कर वीडियो जारी किया
जोहरान ममदानी के परेड में न शामिल होने पर विवाद इसलिए भी बढ़ा क्योंकि दो सप्ताह पहले मेयर कार्यालय की ओर से ‘नकबा’ को याद करते हुए एक वीडियो जारी किया गया था. ‘नकबा’ शब्द 1948 के अरब-इजराइल युद्ध के दौरान लाखों फिलिस्तीनियों के विस्थापन के लिए इस्तेमाल किया जाता है. वीडियो में एक ऐसी फिलिस्तीनी महिला की कहानी दिखाई गई है जो 9 साल की उम्र में विस्थापित हो गई थी. इस कदम की कई यहूदी संगठनों और इजराइल समर्थकों ने आलोचना की थी. उनका कहना था कि वीडियो में उस दौर में मुस्लिम देशों से विस्थापित हुए यहूदियों और होलोकॉस्ट के बाद यहूदी राष्ट्र की मांग की पृष्ठभूमि का जिक्र नहीं किया गया.
न्यूयॉर्क के पहले मुस्लिम मेयर माने जा रहे ममदानी लंबे समय से फिलिस्तीनी अधिकारों के समर्थक रहे हैं. उन्होंने कहा है कि इजराइल को अस्तित्व का अधिकार है, लेकिन वह ऐसे राज्य के पक्ष में नहीं हैं जहां किसी एक समुदाय को विशेष प्राथमिकता मिले, इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि न्यूयॉर्क में यहूदी समुदाय की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और प्रशासन यहूदी विरोधी घटनाओं से निपटने के लिए प्रतिबद्ध है.