मेलबर्न में गरजे PM मोदी: 'ग्रो मोर, अचीव मोर' है नए भारत का मंत्र
मेलबर्न में PM मोदी ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि 21वीं सदी का भारत विकसित होने के लक्ष्य पर काम कर रहा है। जानें इस दौरे की प्रमुख बातें।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न शहर में हजारों की संख्या में पहुंचे भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि 21वीं सदी का भारत आज विकसित होने के लक्ष्य पर काम कर रहा है. एक सपना पूरा होता है, तो नया सपना जन्म ले लेता है. यह वो भारत है, जो कहता है कि ग्रो मोर, अचीव मोर. 140 करोड़ भारतीयों का देश हैं. हम दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ती इकोनॉमी है. हमारी प्ररेणा है ग्रो मोर, एचीव मोर.
उन्होंने कहा किइससे पहले दो बार मैं सिडनी में मिला था. मेलबर्न से मिलने का इंतजार था. मेलबर्न ने एक तरह से मैदान मार लिया है. उन्होंने कहा कि 2014 के बाद आस्ट्रेलिया आया था. 28 साल के बाद भारत का कोई पीएम भारत पहुंचा था. उस समय कहा था कि अब आपको 28 साल इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
‘मेलबर्न मीट मोदी’ नाम के इस आयोजन के दौरान ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज भी मौजूद रहे. भारतीय समुदाय से करीब 30 हजार लोग वहां मौजूद थे.
उन्होंने कहा कि पिछले 12 सालों में मैं तीसरी बार यहां आया हूं. इस बार हैट्रिक लगी है. यह दिखाता है कि भारत और आस्ट्रेलिया के रिश्ते किस ऊंचाई पर है. उन्होंने कहा कि मेलबर्न शहर एक दिन में चार सीजन का दर्शन करा देता है, लेकिन भारतीय समुदाय ने अपने कल्चरल कलर से और वाइब्रेंट बना दिया है. मेलबर्न में और आसपास काफी ऐसे स्थान हैं, ऐसे मार्केट हैं, जो भारतीयता के रंग से रंगे हैं.
उन्होंने कहा कि कई भारतीय पहले आए और पीढ़ियां बदल गई, लेकिन अंदर की भारतीयता जिंदा रही. यहां कई भारतीय ऐसे होंगे. जिनके घर में दो टाइम जोन चलते हैं. यहां स्कूल से घर आस्ट्रेलियन टाइम के हिसाब से आते हैं.
उन्होंने कहा कि दाल सब्जियां आस्ट्रेलिया की है, लेकिन तड़का देसी मसालों का ही लगता है. भारत में आजकल भजन क्लबिंग चल रहा है. जेनजी ड्राइव कर रही है. आपका वीकेंड आस्था और अध्यात्म से भरा रहता है. कहीं किसी के घर भगवान सत्यनारायण की कथा और कहीं गुरुद्वारा में अरदास चलता रहता है. इंडियन फिल्म फेस्टिवल यहां आ गया है. कुछ दिन के बाद मेलबर्न में इंडियन फिल्म फेस्टिवल होने वाला है.
भारत की प्रेरणा.. ग्रो मोर, अचीव मोर
पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया का दूसरा बड़ा 5G मार्केट बन गया है. भारत मेड इन इंडिया 6G टेक्नोलॉजी पर काम कर रहा है. पिछले 12 वर्षों में भारत के दो दर्जनों शहरों में मेट्रो नेटवर्क पहुंच चुका है. आज भारत में हर दिन सवा करोड़ से अधिक लोग मेट्रो में सफर करते हैं. भारत दुनिया का तीसरा बड़ा मेट्रो नेटवर्क वाला देश है, लेकिन हम भारतीय इससे भी संतुष्ट नहीं हैं. हम कहते हैं… ग्रो मोर.. अचीव मोर.. इसलिए हम भारत में नमो भारत रैपिड रेल और वंदे मातरम नेटवर्क को तेजी से बढ़ा रहे है. उन्होंने कहा कि भारत अब स्पेस में अपना ‘गगनयान’ मिशन लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है और अपना स्पेस स्टेशन बनाने के लक्ष्य की ओर काम कर रहा है.
पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान डेमो को देख ही लिया था. धमाके आतंकियों के अड्डे पर हो रहे थे और गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दे रही थी. इस करारे प्रहार से आपको गर्व हुआ कि नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि भारत के नागरिक इन सपनों को एनर्जी दे रहा है. नागरिक देवो भव का मंत्र आज के भारत के शासन का मूलमंत्र बन गया है.
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दोस्ती का नया दौर
मोदी के संबोधन से पहले पीएम अल्बनीज ने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच दोस्ती का नया दौर है. मेरे दोस्त मोदी का यहां पर स्वागत है. पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया के अच्छे दोस्त हैं. उन्होंने कहा कि अहमदाबाद में मिले सम्मान को भूला नहीं हूं. उन्होंने यह भी कहा कि संकट के समय भारत सबसे आगे खड़ा होता है.
इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी अपनी 3 देशों की यात्रा के दूसरे चरण में कल बुधवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचे जहां उन्होंने मेजबान प्रधानमंत्री अल्बनीज के साथ द्विपक्षीय बैठक की. पीएम मोदी 3 दिवसीय यात्रा पर बुधवार को ऑस्ट्रेलिया पहुंचे. उनकी इस यात्रा का मुख्य मकसद रक्षा, ऊर्जा और व्यापार संबंधों को मजबूत करना है.
पीएम मोदी ने प्रस्तावित भारत-ऑस्ट्रेलिया व्यापक आर्थिक सहयोग समझौते (CECA) को जल्द अंतिम रूप दिए जाने की आज गुरुवार को वकालत करते हुए कहा कि इससे द्विपक्षीय आर्थिक संबंध नई ऊंचाई पर पहुंचेंगे. उन्होंने मेलबर्न में ऑस्ट्रेलिया-इंडिया सीईओ फोरम और इकोनॉमिक रोडमैप बिजनेस कार्यक्रम को अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज के साथ संयुक्त रूप से संबोधित किया.
इन दोनों ही कार्यक्रमों में कारोबार जगत से जुड़ी कई दिग्गज हस्तियों, ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख सुपरएन्युएशन फंड और संस्थागत निवेशकों के प्रतिनिधियों तथा ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख यूनिवर्सिटीज के कुलपतियों ने भाग लिया. मोदी ने ऑस्ट्रेलियनसुपर के सीईओ पॉल श्रोडर की ओर से कंपनी के भारत में 50 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर के निवेश की घोषणा का स्वागत किया.