{"vars":{"id": "123258:4912"}}

PoK में भारी विरोध: बिजली-सब्सिडी के लिए सड़क पर उतरे लोग, पढ़ें अपडेट

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में बुनियादी अधिकारों के लिए जनता का प्रदर्शन जारी। इंटरनेट बंद, आवश्यक वस्तुओं की किल्लत और कर्मचारियों की बर्खास्तगी से बढ़े हालात।

 

पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में विरोध प्रदर्शन लगातार तेज होते जा रहे हैं. PoK की आवाम पाकिस्तानी सरकार के खिलाफ लगातार प्रदर्शन कर रही है. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया है कि उनकी आवाज दबाने के लिए इस्लामाबाद ने कई इलाकों में खाद्यान्न, ईंधन और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बाधित कर दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकार आंदोलन को कमजोर करने के लिए आम नागरिकों पर दबाव बना रही है.

बताया जा रहा है कि हजारों लोग सड़कों पर उतरकर सस्ती बिजली, खाद्यान्न पर सब्सिडी, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, राजनीतिक अधिकार और प्रशासनिक सुधारों की मांग कर रहे हैं. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उनकी मांगों को सुनने के बजाय सरकार ने सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी है और कई स्थानों पर इंटरनेट सेवाएं तथा आवाजाही भी प्रभावित की गई है. रिपोर्टों के अनुसार, आवश्यक वस्तुओं की कमी से आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है.

प्रदर्शनकारी आंदोलन जारी रखने पर अड़े

आरोप है कि जानबूझकर पैदा की गई इस किल्लत से स्थानीय समुदाय पर दबाव बढ़ गया है. बाजारों में कारोबार ठप है, ईंधन की उपलब्धता कम हो गई है और दैनिक मजदूरी करने वाले लोगों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है. इस बीच प्रदर्शनकारी आंदोलन जारी रखने पर अड़े हुए हैं और सरकार से अपनी मांगें मानने की अपील कर रहे हैं.

128 सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से निकाला

अब तक, विरोध प्रदर्शनों में शामिल होने के आरोप में 128 सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से निकाला जा चुका है. प्रदर्शन के नेताओं का आरोप है कि रिटायर हो चुके सैनिकों को भी प्रदर्शनों में शामिल न होने की चेतावनी दी गई है और उन्हें पेंशन रोकने की धमकी दी जा रही है.

हिंसक कार्रवाई के दौरान दर्जनों लोगों की मौत

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में हिंसक कार्रवाई के दौरान दर्जनों लोगों की मौत हो गई है. बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों को हिरासत में लिया गया है और उन पर गंभीर आरोपों के तहत मामले दर्ज किए गए हैं. वहीं, प्रशासन का दावा है कि कार्रवाई सिर्फ उन लोगों के खिलाफ की जा रही है जो गैर-कानूनी गतिविधियों में शामिल हैं.