{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Iran Regime Change: ट्रंप ने रजा पहलवी को दिया बड़ा झटका; बोले- 'पहलवी नहीं, ईरानी शासन के बीच से ही चुना जाएगा नया लीडर'

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साफ किया है कि उनका प्रशासन ईरान की सत्ता रजा पहलवी को सौंपने का समर्थन नहीं करता। ट्रंप के अनुसार, युद्ध के बाद ईरान का नेतृत्व वर्तमान शासन के भीतर से ही किसी भरोसेमंद व्यक्ति को दिया जाएगा। जानें पहलवी को क्यों लगा बड़ा झटका।

 

ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के सबसे बड़े विरोधी रहे रजा पहलवी को अमेरिका ने बड़ा झटका दिया है. अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने साफ कर दिया है कि उनका प्रशासन पहलवी को ईरान की सत्ता सौंपे जाने का समर्थन नहीं कर रहा है. इसीलिए अब अमेरिका-इजराइल का सैन्य अभियान समाप्त होने के बाद ईरानी शासन से ही किसी व्यक्ति को वहां की सत्ता सौंपी जाएगी.

दरअसल रजा पहलवी ईरान की सत्ता पर काबिज होना चाहता है. खामेनेई से पहले रजा पहलवी के पिता ही ईरान के शासक थे. खामेनेई और दूसरे लोगों के विद्रोह के बाद पहलवी को पिता को सत्ता छोड़नी पड़ी थी. अमेरिका और इजरायल से खामेनेई के टकराव के बाद से पहलवी दोबारा सक्रिय हो गए. इस बीच इजरायल के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई मारे गए तो पहलवी ने इसके लिए ट्रंप को धन्यवाद भी कहा. माना जा रहा था कि सैन्य कार्रवाई समाप्त होने के बाद ट्रंप रजा पहलवी को ईरान का प्रमुख बना सकते हैं, लेकिन मंगलवार को ट्रंप ने अपने संबोधन में सब साफ कर दिया है. ऐसे में रजा पहलवी को एक बड़ा झटका लगा है.

ट्रंप पहले भी रजा पहलवी पर जता चुके हैं संदेह

हालांकि ये पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने रजा पहलवी को लेकर संदेह जताया हो. इससे पहले जनवरी में उन्होंने समाचार एजेंसी रॉयटर्स से बातचीत में भी ऐसा ही कहा था. उस समय ट्रंप ने बताया था कि रजा पहलवी अच्छे इंसान लगते हैं. लेकिन ये साफ नहीं है कि वो अपने ही देश में कितना प्रभाव डाल पाएंगे. वर्तमान में, पहलवी निर्वासन में रह रहे हैं. ट्रंप ने कहा अमेरिका-इजराइल का सैन्य अभियान समाप्त होने के बाद ईरानी शासन के भीतर से ही किसी व्यक्ति का सत्ता संभालना सबसे अच्छा विकल्प हो सकता है.

जिन लोगों के बारे में सोचा था वो मारे जा चुके

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि जिन लोगों के बारे में सोचा था, वो सभी जंग में मारे जा चुके हैं. अब ईरान के लोगों को खुली आजादी में जीने का समय है. ऐसे में उन्हें एक ऐसा लीडर दिया जाना चाहिए, जो वहां विकास के काम करे. ट्रंप ने कहा कि मुझे लगता है कि सबसे बुरा ये होगा कि फिर कोई ऐसा व्यक्ति सत्ता संभाले जो पहले से वाले जितना ही बुरा हो तो अच्छा नहीं रहेगा. लेकिन हम ऐसा नहीं होने देना चाहेंगे.

ईरान की जनता पहलवी को स्वीकार करेगी या नहीं

अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ये तय करना बहुत मुश्किल है कि ईरान की जनता पहलवी को स्वीकार करेगी या नहीं. अगर ईरान की जनता उन्हें स्वीकार करती है तो अमेरिका को उस पर कोई आपत्ति नहीं होगी. लेकिन सिर्फ नाम या पहचान के आधार पर किसी को नेतृत्व के लिए सहीं नहीं माना जा सकता है. ऐसे में जो ईरानी लोग पहलवी राजवंश की वापसी की उम्मीद लगाए बैठे थे उन्हें भी बड़ा झटका लगा है.

ईरानी शासन में से ही किसी को चुनेंगे

ट्रंप ने कहा कि वो ईरानी शासन में से ही किसी व्यक्ति को नेतृत्व करने के लिए चुनेंगे. एक ऐसा व्यक्ति जो ईरानी लोगों का भी भरोसेमंद हो. ट्रंप ने कहा कि अभी इस बारे में ज्यादा बात करना सही नहीं है. बता दें कि रजा पहलवी कई दशकों से ईरान से बाहर रह रहे हैं. इस्लामी क्रांति के बाद वो देश नहीं लौटे हैं.