{"vars":{"id": "123258:4912"}}

यूएई के फुजैराह में ड्रोन हमला: 3 भारतीय घायल; भारत ने जताई कड़ी आपत्ति

यूएई के फुजैराह ऑयल जोन पर ड्रोन हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं। भारत सरकार ने इसे 'अस्वीकार्य' बताते हुए हिंसा रोकने और समुद्री सुरक्षा बनाए रखने की अपील की है।

 

यूएई के फुजैराह में हुए हमले को लेकर भारत ने कड़ा रुख अपनाया है. इस हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं, जिसे भारत सरकार ने अस्वीकार्य बताया है. विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि फुजैराह पर हमला और उसमें भारतीयों का घायल होना गंभीर मामला है. भारत ने सभी देशों से तुरंत हिंसा रोकने की अपील की है.

सरकार ने कहा कि आम लोगों और नागरिक ढांचे को निशाना बनाना बिल्कुल गलत है और इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए. भारत ने एक बार फिर कहा कि इस तरह के संकट का हल बातचीत और कूटनीति से ही निकल सकता है, ताकि पश्चिम एशिया में शांति बनी रहे.

भारत ने समुद्री सुरक्षा पर भी चिंता जताई

भारत का कहना है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से अहम समुद्री रास्ते पर बिना रुकावट आवाजाही जरूरी है. यह इलाका दुनिया के लिए बहुत महत्वपूर्ण है. विदेश मंत्रालय ने यह भी कहा कि भारत शांति बनाए रखने के लिए हर संभव मदद करने को तैयार है.

ऑयल इंडस्ट्री जोन में हुआ था हमला

यह हमला सोमवार को फुजैराह ऑयल इंडस्ट्री जोन (FOIZ) में हुआ. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमला ड्रोन के जरिए किया गया, जिसके बाद वहां आग लग गई. स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि आग लगते ही सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का काम शुरू किया. इस घटना में घायल तीनों भारतीयों को मध्यम चोटें आई हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

UAE स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि वह स्थानीय प्रशासन के संपर्क में है और घायलों के इलाज और उनकी देखभाल पर नजर रखे हुए है. वहीं UAE की डिफेंस मिनिस्ट्री के मुताबिक, ईरान ने चार मिसाइलें दागी थीं. इनमें से तीन को हवा में ही रोक दिया गया, जबकि एक समुद्र में गिर गई. स्थानीय प्रशासन ने लोगों से कहा है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें.