{"vars":{"id": "123258:4912"}}

US Aircraft Carrier Pattaya Visit: 250 दिनों तक समुद्र में रहने के बाद थाईलैंड पहुंचा यूएसएस अब्राहम लिंकन, 5 हजार सैनिक हैं सवार

अमेरिका का परमाणु विमान वाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन थाईलैंड के पटाया बंदरगाह पहुंचा। सैनिकों के आगमन से पहले पुलिस ने की कार्रवाई।
 

अमेरिका का परमाणु संचालित विमान वाहक पोत ‘- USS अब्राहम लिंकन बुधवार सुबह थाईलैंड के मशहूर शहर पटाया में पहुंच गया है. ये पोत 250 दिनों से समुद्र में था, जहां से अमेरिकी सैनिक ईरान के खिलाफ अभियान में हिस्सा ले रहे थे.मध्य पूर्व में लंबी तैनाती के बाद यह पोत पटाया पहुंचा है. इस जहाज पर करीब 5 हजार अमेरिकी सैनिक सवार हैं. इसे थाईलैंड के पूर्वी हिस्से में स्थित लाम चाबांग बंदरगाह के पास देखा गया.खास बात ये है कि इस पोत के पहुंचने से पहले ही पटाया में पुलिस ने कई जगहों पर ताबड़तोड़ रेड मारी.

इस पोत के आगमन से पहले ही स्थानीय प्रशासन ने चौकसी बढ़ा दी. रिपोर्ट के मुताबिक अधिकारियों सेक्स वर्करों और वेश्यावृत्ति नेटवर्क के खिलाफ शहर-भर में कार्रवाई की. शहर के बीच और नाइटलाइफ वाले इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है. पुलिस ने हाल ही में वीकेंड पर छापेमारी करके करीब 40 से 50 लोगों को वेश्यावृत्ति के संदेह में हिरासत में लिया है. यह कार्रवाई अमेरिकी नौसेना के विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन के थाईलैंड पहुंचने से पहले की गई . अधिकारियों को आशंका है कि बड़ी संख्या में अमेरिकी सैन्यकर्मियों के शहर में आने से अवैध सेक्स ट्रेड और उससे जुड़े स्वास्थ्य एवं सुरक्षा जोखिम बढ़ सकते हैं.

नाइटलाइफ के लिए मशहूर है पटाया शहर

थाईलैंड का पटाया शहर बैंकॉक से करीब 150 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है. यह शहर लंबे समय से अपने समुद्र तट, नाइटलाइफ, मनोरंजन, पर्यटन और क्लब के लिए मशहूर है. दुनियाभर से पर्यटक यहां आते हैं. शहर का वॉकिंग स्ट्रीट और आसपास के मनोरंजन क्षेत्र खास तौर पर काफी लोकप्रिय हैं.

दुनिया के प्रमुख सेक्स टूरिज्म स्थलों में से एक

कागजों पर थाईलैंड में वेश्यावृत्ति गैर-कानूनी है. सार्वजनिक रूप से ग्राहकों को बुलाने, वेश्यालय चलाने और सेक्स वर्क से कमाई करने जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने वाले कानून भी हैं. हालांकि ये सिर्फ कागजों पर ही है. असल में यह बड़े पैमाने पर यहां होता है और यहां की सरकार इसे बर्दाश्त भी करती है, खासतौर पटाया में जो एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है और जिसे अमेरिकी एफबीआई ने दुनिया के प्रमुख सेक्स टूरिज्म स्थलों में से एक बताया था.

चाबांग बंदरगाह पहुंचा USS अब्राहम लिंकन

USS अब्राहम लिंकन बुधवार तड़के थाईलैंड के चोनबुरी प्रांत स्थित लाम चाबांग बंदरगाह पहुंचा. इस विमानवाहक पोत पर करीब 5,000 अमेरिकी नौसैनिक और मरीन सवार हैं. इससे कुछ समय पहले अमेरिकी विध्वंसक पोत यूएसएस फ्रैंक ई पीटरसन जूनियर भी बंदरगाह के पास पहुंचा था. विमानवाहक पोत के चालक दल के लिए यह लंबे समय बाद पहला पोर्ट कॉल है. जहाज नवंबर में सैन डिएगो से रवाना हुआ था और बाद में उसे मध्य पूर्व की ओर भेज दिया गया था.

प्रमुख नाइटलाइफ इलाकों में गश्त बढ़ाई गई

अमेरिकी सैनिकों के आगमन से पहले पटाया पुलिस ने शहर के बीचफ्रंट और प्रमुख नाइटलाइफ़ इलाकों में गश्त बढ़ा दी है. वीकेंड के दौरान की गई छापेमारी में देह व्यापार के संदेह में लगभग 40 से 50 लोगों को हिरासत में लिया गया है. पटाया के पुलिस प्रमुख अनेक स्राथोंगयू ने माना कि इस पर पूरी तरह काबू पाना बेहद चुनौतीपूर्ण है. उन्होंने कहा, हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह कठिन है. सेक्स वर्कर सार्वजनिक स्थानों पर अधिकारियों की नजर में आए बिना संभावित ग्राहकों से संपर्क कर सकते हैं.

पटाया लंबे समय से पर्यटन और मनोरंजन उद्योग पर निर्भर रहा है. अधिकारियों को उम्मीद है कि अमेरिकी नाविकों के रुकने से स्थानीय होटल, रेस्तरां, बार और दुकानों को बड़ा आर्थिक लाभ होगा. पटाया के मेयर पोरामासे नगमपिचेस के मुताबिक हर अमेरिकी सैन्यकर्मी अपनी ठहरने की अवधि और प्राथमिकताओं के आधार पर रोजाना लगभग 1,000 से 3,000 बाहत (लगभग 30 से 91 डॉलर यानी ₹2,500 से ₹7,600) तक खर्च कर सकता है. अर्थव्यवस्था को इसका फायदा कई दिनों तक मिलेगा, क्योंकि सुरक्षा और संचालन कारणों से पूरी क्रू को एक साथ तट पर जाने की अनुमति नहीं होती, बल्कि उन्हें शिफ्ट में छुट्टी दी जाती है.

पटाया का अमेरिकी सैन्य कर्मियों के साथ लंबे समय से संबंध

पटाया का अमेरिकी सैन्य कर्मियों के साथ लंबे समय से संबंध रहा है. एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार, यह शहर, जो कभी एक मछली पकड़ने वाला गाव था, वियतनाम युद्ध के दौरान अमेरिकी सैनिकों द्वारा विश्राम और मनोरंजन के लिए आने के बाद एक पर्यटन स्थल में परिवर्तित हो गया. यह शहर अब अपने समुद्र तटों और नाइटलाइफ़ के लिए जाना जाता है, जिसमें एक बेहद सक्रिय यौन उद्योग भी शामिल है. 1960 के दशक में वियतनाम युद्ध के दौरान यह एक प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में उभरा था.

स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए जोखिम बढ़ सकता है

बैंकॉक विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर पिपटपोंग फकफारे ने रॉयटर्स को बताया कि ग्राहकों की भारी आमद से स्वास्थ्य और सुरक्षा के लिए जोखिम बढ़ सकता है . बड़ी संख्या में ग्राहकों के आने से यौन शोषण और यौन संचारित रोगों (STD) के फैलने की संभावना बढ़ सकती है.इसलिए पटाया पुलिस शहर के समुद्र तट और नाइटलाइफ़ वाले इलाकों में गश्त बढ़ा रही है और वेश्यावृत्ति नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है.

कानूनों को सख्ती से लागू करने की चुनौती

अमेरिकी जहाजों के आने से पटाया की संघर्ष कर रही टूरिज़्म अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, लेकिन इसने शहर के गैर-कानूनी सेक्स व्यापार को भी फिर से जांच के दायरे में ला दिया है. अधिकारियों के सामने अब हज़ारों अमेरिकी कर्मियों का स्वागत करने के साथ-साथ शोषण को रोकने और उन कानूनों को सख्ती से लागू करने की चुनौती है, जिन्हें लंबे समय से ढिलाई से लागू किया जा रहा था.

‘यूएसएस अब्राहम लिंकन’ की यह यात्रा समुद्र में बिताए गए एक असामान्य और ऐतिहासिक रूप से लंबे समय के बाद हो रही है. यह विमानवाहक पोत पिछले साल नवंबर में अपने होम पोर्ट सैन डिएगो से रवाना हुआ था. अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच सैन्य अभियानों के दौरान इसे मध्य पूर्व में तैनात किया गया था. आधुनिक इतिहास में किसी अमेरिकी करियर की यह सबसे लंबी तैनातियों में से एक है. हालांकि, अमेरिकी सांसदों और सैन्य रिपोर्टों के अनुसार, इतनी लंबी समुद्र यात्रा के कारण जहाज पर सवार कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, गिरते मनोबल और आत्महत्या के प्रयासों जैसी गंभीर समस्याएं भी सामने आई हैं.