{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Zohran Mamdani vs Netanyahu UNGA Speech: न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी का नेतन्याहू पर पलटवार, UNGA भाषण पर तीखी प्रतिक्रिया

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने बेंजामिन नेतन्याहू के संयुक्त राष्ट्र महासभा में दिए बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
 

न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) में दिए भाषण पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. 24 सितंबर को UNGA के 81वें सेशन में नेतन्याहू ने ममदानी पर निशाना साधा था. इसके बाद ममदानी ने कहा कि नेतन्याहू ने अपने भाषण में फिलिस्तीनियों के खिलाफ इजराइल की कार्रवाई को सही ठहराने के लिए झूठ दोहराए.

ममदानी ने कहा कि नेतन्याहू के बयान इस बात को नहीं झुठला सकते कि उनके खिलाफ अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) का गिरफ्तारी वारंट है. ICC ने नवंबर 2024 में नेतन्याहू और इजराइल के तत्कालीन रक्षा मंत्री योआव गैलेंट के खिलाफ युद्ध अपराधों और मानवता के खिलाफ अपराधों के आरोपों में गिरफ्तारी वारंट जारी किया था.

नेतन्याहू ने ममदानी पर निशाना साधा था

ममदानी की प्रतिक्रिया नेतन्याहू के उस भाषण के बाद आई, जिसमें इजराइली प्रधानमंत्री ने सीधे न्यूयॉर्क के मेयर को निशाने पर लिया. नेतन्याहू ने कहा कि ममदानी के मेयर चुने जाने के बाद न्यूयॉर्क में कई यहूदी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. उन्होंने ममदानी पर हमास का समर्थन करने वाले लोगों से जुड़े होने का आरोप लगाया.

नेतन्याहू ने अमेरिकी कमेंटेटर हसन पिकर का भी नाम लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि पिकर ने अमेरिका के 9/11 हमले को सही ठहराने वाली बात कही थी. उन्होंने यह भी दावा किया कि ममदानी ने एक फिलिस्तीनी पत्रकार को अपने घर बुलाया था, जिसने हमास के लड़ाकों को इजराइली बंधकों के साथ मारपीट और प्रताड़ना करते हुए फिल्माया था. नेतन्याहू के मुताबिक, उस पत्रकार ने इन वीडियो को इसलिए पब्लिश नहीं किया क्योंकि वह हमास के लड़ाकों की रक्षा करना चाहता था.

ममदानी की पत्नी पर आरोप लगाया

नेतन्याहू ने ममदानी की पत्नी पर भी आरोप लगाया कि उन्होंने 7 अक्टूबर के हमले की तारीफ करने वाली एक पोस्ट को लाइक किया था. उन्होंने एक अन्य पोस्ट का भी जिक्र किया, जिसमें तेल अवीव के अस्तित्व पर सवाल उठाया गया था. नेतन्याहू ने कहा कि ममदानी इजराइल पर बार-बार नरसंहार का आरोप लगाते हैं और उन्हें UN में आने से रोकने की कोशिश कर चुके हैं. उन्होंने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि इजराइल ने नरसंहार नहीं किया, बल्कि नरसंहार को रोका है.

इससे पहले ममदानी अमेरिकी सरकार से ICC के गिरफ्तारी वारंट को लागू करने की अपील कर चुके हैं. हालांकि उन्होंने माना था कि न्यूयॉर्क शहर के मेयर के पास खुद नेतन्याहू को गिरफ्तार करने का कानूनी अधिकार नहीं है.