{"vars":{"id": "123258:4912"}}

AICTE Pragati Scholarship 2026: बीटेक छात्राओं के लिए शानदार मौका, सरकार दे रही है हर साल 50,000 रुपये की स्कॉलरशिप

बीटेक और तकनीकी कोर्स करने वाली छात्राओं के लिए 50,000 रुपये सालाना स्कॉलरशिप। 31 अक्टूबर 2026 तक करें आवेदन।
 

अगर आप BTech या किसी AICTE-मान्यता प्राप्त टेक्निकल UG डिग्री की पढ़ाई कर रही हैं और आर्थिक मदद की जरूरत है तो आपके लिए जरूरी अपडेट है. अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) की प्रगति स्कॉलरशिप योजना के तहत एलिजिबल छात्राओं को पढ़ाई के लिए हर साल 50,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाती है. एकेडमिक सेशन 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है. इच्छुक छात्राएं National Scholarship Portal (NSP) के जरिए 31 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकती हैं. इस योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की छात्राओं को टेक्निकल एजुकेशन जारी रखने में आर्थिक सहयोग देना है.

31 अक्टूबर तक आवेदन

AICTE की प्रगति स्कॉलरशिप योजना खासतौर पर टेक्निकल एजुकेशन हासिल कर रही छात्राओं के लिए है. सत्र 2026-27 के लिए आवेदन 1 जून 2026 से शुरू हो चुके हैं. योग्य छात्राएं 31 अक्टूबर 2026 तक NSP के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं.

एक साल में मिलते हैं 50 हजार रुपये

योजना के तहत एलिजिबल छात्राओं को 50,000 रुपये की स्कॉलरशिप एकमुश्त दी जाती है. इस राशि का इस्तेमाल कॉलेज फीस, किताबें, स्टेशनरी, कंप्यूटर, सॉफ्टवेयर और पढ़ाई से जुड़े जरूरी डिवाइसों के लिए किया जा सकता है. हालांकि, हॉस्टल और मेडिकल खर्च के लिए अलग से राशि नहीं दी जाती है.

पूरी BTech में कितनी मिलेगी स्कॉलरशिप?

अगर छात्रा BTech के पहले वर्ष में एडमिशन लेती है तो उसे अधिकतम चार साल तक स्कॉलरशिप मिल सकती है. यानी पूरी अवधि में अधिकतम 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिल सकती है. वहीं, लेटरल एंट्री के जरिए दूसरे वर्ष में एडमिशन लेने वाली छात्राओं को अधिकतम तीन साल तक स्कॉलरशिप मिल सकती है.

कौन कर सकता है आवेदन?

इस योजना के लिए BTech के अलावा AICTE-एप्रूव्ड अन्य टेक्निकल UG डिग्री कोर्स में पढ़ने वाली छात्राएं भी आवेदन कर सकती हैं. संस्थान संबंधित एकेडमिक सेशन में AICTE से मान्यता प्राप्त होना चाहिए. परिवार की सालाना आय 8 लाख रुपये से ज्यादा नहीं होनी चाहिए. एक परिवार की अधिकतम दो बेटियां इसका लाभ ले सकती हैं. आवेदक किसी अन्य केंद्र या राज्य सरकार अथवा AICTE स्कॉलरशिप का लाभ नहीं ले रही होनी चाहिए.

यह मेरिट आधारित स्कॉलरशिप है. उम्मीदवारों का चयन परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाता है और राज्य/केंद्र शासित प्रदेश के अनुसार मेरिट तैयार की जाती है.

बैंक खाते में आएगी राशि

स्कॉलरशिप की राशि DBT के जरिए सीधे छात्रा के बैंक खाते में भेजी जाती है. इसके लिए आधार से लिंक बैंक अकाउंट होना जरूरी है. आवेदन करने से पहले छात्राओं को AICTE और NSP की आधिकारिक जानकारी के अनुसार पात्रता और जरूरी डॉक्यूमेंट्स जरूर चेक कर लेने चाहिए.