Bihar STET 2026 Notification: बिहार STET 2026 के लिए 17 अगस्त से शुरू होंगे आवेदन, जानिए पूरा शेड्यूल
बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे कैंडिडेट्स के लिए बड़ा अपडेट है. बिहार विद्यालय शिक्षा समिति (BSEB) ने माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (STET) 2026 के आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली हैं. इसी कड़ी में BSEB बिहार STET 2026 के लिए 17 अगस्त से आवेदन प्रक्रिया शुरू करेगा. BSEB अध्यक्ष डॉ. त्यागराजन एसएम ने खुद की इसकी जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि बिहार STET 2026 का विज्ञापन 14 अगस्त को जारी किया जाएगा, जिसमें पूरा शेड्यूल होगा. बिहार में TRE 4 शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी होने से पहले STET के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से बड़ी संख्या में कैंंडिडेट्स को राहत मिलेगी.
आइए, विस्तार से पूरा मामला जानते हैं. जानते हैं कि बिहार में कितने समय बाद STET का आयाेजन किया जा रहा है. जानेंगे कि STET का आयोजन क्यों किया जाता है. जानेंगे कि बिहार में TRE 4 के तहत कितने पदों पर शिक्षकों की भर्ती प्रस्तावित है.
11 महीने बाद STET 2026
बिहार में STET का आयोजन 2025 में भी किया गया था. 2025 में 19 सितंबर से 5 अक्टूबर तक STET के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे. तो वहीं STET एग्जाम का आयोजन 14 अक्टूबर से 16 नंवबर के बीच किया गया था. प्रदेश के 9 जिलों के 23 परीक्षा केंद्रों पर STET का आयोजन किया गया था. 29 विषयों की STET का आयोजन CBT मोड में आयोजित किया गया था. इस तरह देखें तो बिहार STET के लिए 11 महीने में दूसरी बार आवेदन प्रक्रिया आयोजित की जा रही है.
STET का आयोजन क्यों किया जाता है?
बिहार STET राज्य के स्कूलों में शिक्षकों की पढ़ाने की पात्रता निर्धारित करती है. असल में STET दो स्तर पर आयोजित की जाती है. STET पेपर 1 का आयोजन सरकारी स्कूलों में माध्यमिक यानी 9वीं -10वीं और STET पेपर 2 का आयोजन उच्च माध्यमिक यानी कक्षा 11वीं-12वीं कक्षाओं के लिए शिक्षकों की पात्रता तय करने के लिया किया जाता है. इसमें सफल कैंडिडेट्स शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं.
बिहार में 32 हजार से अधिक पदों पर शिक्षक भर्ती
बिहार में TRE -4 के तहत 32,388 पदों पर शिक्षकों की भर्ती होने वाली है. इसका अधियाचन भेजा जा चुका है, जिसके तहत कक्षा 1 से 5 तक के बच्चों को पढ़ाने के लिए 3,847 शिक्षकों की भर्ती की जानी है. तो वहीं कक्षा 6 से 8 तक के लिए 8,563 पदों पर शिक्षकों की भर्ती होगी. इसी तरह कक्षा 9 से 10 तक के बच्चों को पढ़ाने के लिए 3,877 और कक्षा 11 से 12 तक के बच्चों को पढ़ाने के लिए 16,101 शिक्षकों की भर्ती की जानी है, जिसका नोटिफिकेशन जल्द जारी हो सकता है.