BITSAT 2026 Round 6 Seat Allotment Result: BITSAT छठे राउंड का रिजल्ट आज होगा जारी, जानें फीस और रिपोर्टिंग की अंतिम तिथि
BITSAT 2026 काउंसलिंग के छठे राउंड का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 10 अगस्त को जारी। चयनित उम्मीदवार 14 अगस्त तक फीस जमा करें और 17 अगस्त को कैंपस रिपोर्ट करें।
बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (BITS) पिलानी ने BITSAT 2026 काउंसलिंग का राउंड वाइज शेड्यूल जारी कर दिया है. यह काउंसलिंग पिलानी, गोवा और हैदराबाद कैंपस में प्रथम डिग्री प्रोग्राम में एडमिशन के लिए आयोजित की जा रही है. सीट अलॉटमेंट उम्मीदवार के BITSAT स्कोर, पसंद किए गए कोर्स और उपलब्ध सीटों के आधार पर किया जा रहा है. काउंसलिंग के पांच राउंड पूरे हो चुके हैं और अब छठे राउंड के रिजल्ट का इंतजार है. छठे राउंड का सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 10 अगस्त 2026 को जारी किया जाएगा. चयनित उम्मीदवारों को तय समय में फीस जमा करनी होगी और निर्धारित तारीख पर कैंपस में रिपोर्ट करना होगा.
छठे राउंड की अहम तारीखें
BITSAT 2026 काउंसलिंग के छठे चरण में चयनित उम्मीदवारों को अपनी एडमिशन स्थिति ऑनलाइन चेक करनी होगी. सीट मिलने के बाद उम्मीदवारों को बची हुई फीस 14 अगस्त 2026 तक जमा करनी होगी. इसके बाद चयनित छात्रों को 17 अगस्त को संबंधित BITS कैंपस में रिपोर्ट करना होगा.
अगर किसी उम्मीदवार को बाद के राउंड में बेहतर विकल्प मिलता है, तो नियमों के अनुसार उसकी सीट अपग्रेड भी हो सकती है.
अब तक कब-कब जारी हुए राउंड?
BITSAT 2026 काउंसलिंग में सीट आवंटन कई चरणों में किया जा रहा है. पहले राउंड का रिजल्ट 20 जून, दूसरे का 1 जुलाई, तीसरे का 14 जुलाई, चौथे का 22 जुलाई और पांचवें राउंड का रिजल्ट 1 अगस्त 2026 को जारी किया गया था. अब छठे राउंड का परिणाम 10 अगस्त को जारी होना है.
जरूरत पड़ने पर होगा सातवां राउंड
अगर छठे चरण के बाद भी कुछ सीटें खाली रहती हैं, तो BITS पिलानी सातवें राउंड की काउंसलिंग आयोजित कर सकता है. संभावित तौर पर सातवें राउंड की घोषणा 18 अगस्त को होगी. इस चरण में चयनित उम्मीदवारों के लिए फीस जमा करने की अंतिम तारीख 21 अगस्त और रिपोर्टिंग की तारीख 22 अगस्त तय की गई है.
संस्थान ने स्पष्ट किया है कि काउंसलिंग का यह शेड्यूल अस्थायी है. जरूरत पड़ने पर तारीखों में बदलाव किया जा सकता है. इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वो एडमिशन से जुड़ी नई जानकारी के लिए BITS की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें.