CBSE Board: 2027 से डिजिलॉकर पर मिलेंगी 12वीं की आंसर शीट, जानें नए नियम
CBSE का बड़ा फैसला: 2027 से 12वीं के छात्रों को डिजिलॉकर पर मिलेगी जांची हुई आंसर शीट की स्कैन कॉपी। 2026 की पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया अब 1 जून से शुरू होगी।
CBSE स्टूडेंट्स के लिए परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रहा है. बोर्ड ने फैसला किया है कि वर्ष 2027 से कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को उनकी जांची गई आंसर शीट्स की स्कैन कॉपी सीधे डिजिलॉकर पर उपलब्ध कराई जाएगी. इससे छात्रों को अलग से आवेदन कर आंसर शीट्स मंगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी. यह निर्णय हाल के वर्षों में आंसर-शीट से जुड़ी शिकायतों और तकनीकी समस्याओं को देखते हुए लिया गया है. साथ ही बोर्ड ने 2026 की पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां भी जारी की हैं.
शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2027 से छात्रों को उनकी मार्कशीट के साथ जांची गई आंसर शीट्स की स्कैन कॉपी भी डिजिलॉकर पर उपलब्ध कराई जाएगी. इससे छात्र आसानी से अपने आंसरों की जांच कर सकेंगे और उन्हें अलग से आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी.
शिकायतों के बाद लिया गया फैसला
वर्तमान व्यवस्था में रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों को आंसर शीट्स की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए ऑनलाइन आवेदन करना पड़ता है. इसके बाद ही वो नंबरों के वेरिफिकेशन या री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकते हैं. इस प्रक्रिया के दौरान कई छात्रों ने आंसर शीट्स की अदला-बदली, पोर्टल की तकनीकी दिक्कतों और भुगतान संबंधी समस्याओं की शिकायत की थी. इन्हीं समस्याओं को दूर करने के लिए बोर्ड ने यह कदम उठाया है.
1 जून से शुरू होगी पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया
CBSE कक्षा 12वीं के परिणामों के बाद वेरिफिकेशन और री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन प्रक्रिया अब 1 जून 2026 से शुरू होगी. पहले इसे 29 मई से शुरू किया जाना था, लेकिन प्रक्रिया को बेहतर तरीके से संचालित करने के लिए इसमें बदलाव किया गया. आंसर शीट्स वेरिफिकेशन के लिए 100 रुपये और री-इवैल्यूएशन के लिए 25 रुपये प्रति प्रश्न शुल्क निर्धारित किया गया है.
ऐसे करें आवेदन
छात्र पुनर्मूल्यांकन के लिए CBSE की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर लॉगिन कर सकते हैं. इसके लिए रोल नंबर और एडमिट कार्ड आईडी की जरूरत होगी. स्कैन कॉपी प्राप्त करने वाले छात्र ही वेरिफिकेशन या री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकेंगे. निर्धारित विषय चुनने के बाद ऑनलाइन फीस जमा कर आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.