{"vars":{"id": "123258:4912"}}

CBSE Board Exam 2026: मिडिल ईस्ट के देशों में कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं रद्द; ईरान-इजराइल जंग के कारण बोर्ड का बड़ा फैसला

ईरान-इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण CBSE ने बहरीन, कुवैत, सऊदी अरब समेत मिडिल ईस्ट के कई देशों में कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी हैं। 16 मार्च से 10 अप्रैल के बीच होने वाले एग्जाम अब नहीं होंगे। जानें कैसे जारी होगा रिजल्ट।

 

ईरान-इजराइल-अमेरिका जंग के कारण पूरी दुनिया के हालात तेजी से बदल रहे हैं. इस जंग का असर अब आम लोगों के जीवन पर भी पड़ने लगा है. हजारों की संख्या में लोग युद्ध ग्रस्त इलाकों में फंसे हुए हैं. तो वहीं दूसरी तरफ बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है. स्कूल-कॉलेज इस समय बंद हैं. इस बीच सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन यानी कि सीबीएसई ने बड़ा फैसला लिया है.अमेरिका-ईरान युद्ध के बीच बने हालात को देखते हुए मिडिल ईस्ट के कई देशों में कक्षा 12 की सभी बोर्ड परीक्षाएं रद्द करने का फैसला किया है.

CBSE बोर्ड की तरफ से बताया गया कि बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब में 16 मार्च से 10 अप्रैल 2026 के बीच होने वाली कक्षा 12 की सभी परीक्षाएं अब आयोजित नहीं होंगी. इसके पीछे की वजह है इन क्षेत्रों के हालातों को बताया गया है. जंग के कारण यहां एग्जाम करा पाना संभव नहीं है. यही वजह है कि परीक्षा कैंसिल करने का फैसला लिया गया है.

इससे पहले CBSE इन देशों में कक्षा 10 की सभी बोर्ड परीक्षाएं भी रद्द कर चुका है और 16 मार्च तक होने वाली कक्षा 12 की परीक्षाओं का शेड्यूल बदला गया था. परीक्षा का तय समय बदलने के दौरान ऐसा माना जा रहा था कि हालात सुधर जाएंगे. हालांकि हालात सुधरने के बजाय तेजी से बिगड़ रहे हैं. यही वजह है कि बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए बोर्ड ने यह फैसला लिया है.

कैसे होगा रिजल्ट घोषित?

बोर्ड ने कहा कि 1 मार्च, 3 मार्च, 5 मार्च, 7 मार्च और 9 मार्च को जारी सर्कुलर के जरिए जिन परीक्षाओं को स्थगित किया गया था, उन्हें भी अब रद्द माना जाएगा। CBSE के मुताबिक इन देशों के कक्षा 12 के छात्रों का परिणाम किस तरीके से घोषित किया जाएगा, इसकी जानकारी बाद में अलग से दी जाएगी.

ईरान-इजराइल के बीच 15 दिनों से चल रही जंग

अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज 16वां दिन है. जंग की शुरुआत से ही दोनों की तरफ से लगातार हमले किए जा रहे हैं. इन हमलों में कई सीनियर अधिकारियों के साथ-साथ हजारों की संख्या में लोग मारे गए हैं. जबकि बड़ी संख्या में लोगों ने अपना घर छोड़ दिया है.ईरान संघर्ष के कारण दुनियाभर के टूर एंड ट्रैवल सेक्टर भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है. हालांकि जंग रोकने को लेकर अब तक किसी भी देश की तरफ से कोई अपील नहीं की गई है. यही वजह है कि लोगों को और भी ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.