{"vars":{"id": "123258:4912"}}

CBSE की नई पहल: स्कूलों में काउंसलरों के लिए AI-आधारित ऑनलाइन परीक्षा शुरू!

CBSE ने शुरू की काउंसलरों के लिए 'रिमोट इनविजिलेशन' परीक्षा। AI-आधारित DIGI-EXAM प्लेटफॉर्म पर परखा जाएगा व्यवहार और स्किल। 10,000 काउंसलर होंगे शामिल।

 

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने स्कूलों में काम करने वाले काउंसलर और वेलनेस टीचर्स के लिए एक नई ऑनलाइन परीक्षा शुरू की है. इस परीक्षा को ‘रिमोट इनविजिलेशन’ यानी दूर से निगरानी के साथ आयोजित किया जा रहा है. इसका मकसद स्कूलों में बच्चों के लिए बेहतर काउंसलिंग सिस्टम तैयार करना है. यह परीक्षा सीबीएसई के क्षमता विकास कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसके जरिए ये जांचा जाएगा कि काउंसलर बच्चों की मानसिक और भावनात्मक समस्याओं को समझने और उन्हें संभालने में कितने सक्षम हैं. इस प्रक्रिया में करीब 10,000 काउंसलर शामिल होंगे और इसे अलग-अलग चरणों में आयोजित किया जाएगा.

इस परीक्षा का पहला बैच फरवरी 2026 से शुरू हो चुका है. इस परीक्षा की खास बात ये है कि इसमें सिर्फ किताबों का ज्ञान नहीं, बल्कि काउंसलर के व्यवहार, स्किल और स्कूल के माहौल में उनके काम करने के तरीके को भी परखा जाएगा यानी ये देखा जाएगा कि वो असल जिंदगी की स्थितियों में कैसे फैसले लेते हैं और छात्रों की मदद कैसे करते हैं.

डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हो रही परीक्षा

यह परीक्षा DIGI-EXAM नाम के AI आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म पर हो रही है. इसमें ऑनलाइन ही निगरानी की जाती है, जिससे परीक्षा पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी रहती है. एआई तकनीक के जरिए यह सुनिश्चित किया जाता है कि सभी प्रतिभागियों का निष्पक्ष तरीके से मूल्यांकन हो.

CBSE ने स्कूलों को क्या कहा?

सीबीएसई के मुताबिक, ये नया सिस्टम भविष्य के लिए तैयार एक मजबूत और भरोसेमंद मूल्यांकन प्रक्रिया है, जिससे सभी स्कूलों में एक समान मानक बनाए जा सकेंगे. बोर्ड ने सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि वो अपने काउंसलरों को इस परीक्षा में जरूर शामिल करें. साथ ही स्कूलों से ये भी कहा गया है कि वो OASIS पोर्टल पर अपने काउंसलरों की जानकारी अपडेट रखें, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो. कुल मिलाकर सीबीएसई का ये कदम स्कूलों में छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है.