DU एडमिशन 2026: वेबिनार का ऐलान, CSAS और स्पोर्ट्स कोटा पर मिलेगी जानकारी
DU एडमिशन 2026 को लेकर 8 और 9 जुलाई को विशेष वेबिनार। CSAS प्रक्रिया, ECA और स्पोर्ट्स कोटा पर विस्तृत जानकारी। आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर देखें लाइव।
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) ने अंडरग्रेजुएट एडमिशन 2026 को लेकर स्टूडेंट्स और अभिभावकों की सभी प्रमुख शंकाओं को दूर करने के लिए एक विशेष वेबिनार आयोजित करने की घोषणा की है. इस वेबिनार में कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) 2026, एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज (ECA) और स्पोर्ट्स कोटा एडमिशन, विश्वविद्यालय की एडमिशन नीतियों और अक्सर पूछे जाने वाले सवालों (FAQs) पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी. वेबिनार में डीन एडमिशन प्रोफेसर हनीत गांधी और जॉइंट डीन एडमिशन प्रोफेसर आनंद सोनकर छात्रों के सवालों के जवाब भी देंगे. इच्छुक छात्र इसे दिल्ली विश्वविद्यालय के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल पर लाइव देख सकेंगे.
वेबिनार का पहला सेशन 8 जुलाई 2026 को दोपहर 3 बजे आयोजित होगा, जबकि दूसरा सेशन 9 जुलाई 2026 को इसी समय शुरू होगा. दोनों कार्यक्रम विश्वविद्यालय के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारित किए जाएंगे.
CSAS, ECA और स्पोर्ट्स कोटा पर होगी विस्तार से चर्चा
पहले दिन के वेबिनार में यूजी कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) 2026 की पूरी प्रक्रिया समझाई जाएगी. छात्रों को रजिस्ट्रेशन, कॉलेज और कोर्स चयन, सीट अलॉटमेंट और आगे की प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी दी जाएगी.
दूसरे दिन एक्स्ट्रा करिकुलर एक्टिविटीज (ECA) और स्पोर्ट्स कोटा एडमिशन से जुड़े नियम, एलिजिबिलिटी, ट्रायल और चयन प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा होगी. इसके अलावा दिल्ली विश्वविद्यालय की एडमिशन नीतियों की भी जानकारी शेयर की जाएगी ताकि स्टूडेंट्स आवेदन करते समय किसी तरह की परेशानी का सामना न करें.
लाइव चैट में पूछ सकेंगे सवाल
वेबिनार में डीन एडमिशन प्रोफेसर हनीत गांधी और जॉइंट डीन एडमिशन प्रोफेसर आनंद सोनकर स्टूडेंट्स को प्रवेश प्रक्रिया की महत्वपूर्ण जानकारी देंगे. प्रोग्राम के दौरान छात्र यूट्यूब लाइव चैट के माध्यम से अपने सवाल भी पूछ सकेंगे. विश्वविद्यालय की ओर से अक्सर पूछे जाने वाले सवालों (FAQs) के जवाब भी दिए जाएंगे. ऐसे में जो छात्र दिल्ली विश्वविद्यालय में अंडरग्रेजुएट कोर्स में एडमिशन लेना चाहते हैं, उनके लिए यह वेबिनार काफी उपयोगी साबित हो सकता है.