DU Admission 2026: जल्द खुलेगा CSAS पोर्टल, 1 अगस्त से नया सत्र शुरू
दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में ग्रेजुएट कोर्सों में एडमिशन का इंतजार कर रहे लाखों छात्रों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है. सीयूईटी यूजी 2026 का रिजल्ट जारी होने के बाद अब विश्वविद्यालय जल्द ही कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (CSAS) पोर्टल शुरू करने की तैयारी में है. अगले एक सप्ताह के भीतर छात्रों के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो सकती है. विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वो पहले से ही अपने पसंदीदा कोर्स और कॉलेजों की लिस्ट तैयार कर लें. सही ऑप्शन का चयन और समय पर आवेदन छात्रों को बेहतर कॉलेज और मनचाहा कोर्स पाने में मदद कर सकता है.
सीयूईटी यूजी 2026 के नतीजे घोषित होने के बाद दिल्ली विश्वविद्यालय ने ग्रेजुएशन एडमिशन प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की तैयारी तेज कर दी है. विश्वविद्यालय जल्द ही सीएसएएस पोर्टल लॉन्च करेगा, जिसके माध्यम से छात्रों को एडमिशन के लिए आवेदन करना होगा. एडमिशन ब्रांच के अनुसार, अगले कुछ दिनों में रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है.
कॉलेज चुनते समय केवल लोकप्रियता न देखें
विश्वविद्यालय ने छात्रों को सलाह दी है कि वो केवल प्रसिद्ध कॉलेजों के नाम देखकर विकल्प न भरें. कोर्स और कॉलेज का चयन करते समय अपनी रुचि, क्षमता और भविष्य की करियर योजनाओं को प्राथमिकता देना अधिक जरूरी है. सही रणनीति के साथ भरे गए विकल्प बेहतर सीट मिलने की संभावना बढ़ा सकते हैं.
विषयों की मैपिंग भी होगी जरूरी
सीएसएएस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के बाद छात्रों को सीयूईटी में चुने गए विषयों का कक्षा 12वीं के विषयों के साथ मिलान करना होगा. यह एडमिशन प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण होगा. विश्वविद्यालय का मानना है कि कुछ छात्रों को यह प्रक्रिया जटिल लग सकती है, इसलिए विस्तृत दिशानिर्देश आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराए जाएंगे.
केवल आधिकारिक जानकारी पर करें भरोसा
डीयू प्रशासन ने छात्रों को सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं से सावधान रहने की सलाह दी है. विश्वविद्यालय ने कहा है कि सभी जरूरी अपडेट और निर्देश केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर जारी किए जाएंगे, इसलिए छात्रों को वहीं से जानकारी प्राप्त करनी चाहिए.
1 अगस्त से शुरू हो सकता है नया सेशन
दिल्ली विश्वविद्यालय इस बार भी एडमिशन प्रक्रिया तय समय के भीतर पूरी करना चाहता है. विश्वविद्यालय का लक्ष्य 1 अगस्त से नया एजुकेशनल सेशन शुरू करना है. इस वर्ष डीयू के 69 कॉलेजों में ग्रेजुएशन कोर्सों की 71 हजार से अधिक सीटों पर एडमिशन दिया जाएगा. पिछले वर्षों के विपरीत इस बार सीएसएएस रजिस्ट्रेशन सीयूईटी रिजल्ट से पहले शुरू नहीं हुआ, इसलिए संभावना है कि रजिस्ट्रेशन और विकल्प भरने की प्रक्रिया साथ-साथ संचालित की जाए.