{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Board HTET News: प्रश्नपत्र की गलतियों के बाद बोर्ड का बड़ा कदम, HTET-2026 परीक्षा भी इसी साल होगी आयोजित

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने HTET 2025 का परीक्षा परिणाम संशोधित करने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही HTET-2026 परीक्षा भी इसी वर्ष आयोजित होगी।

 

अब हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड अध्यापक पात्रता परीक्षा 2025 के प्रश्नपत्र की गलतियों को लेकर बेक फुट पर आ गया है। हरियाणा सरकार के निर्देश पर शिक्षा बोर्ड ने एचटेट 2025 का परीक्षा परिणाम संशोधित करने का निर्णय लिया है। रिवाइज रिजल्ट जल्द जारी होगा। बोर्ड के इस फैसले से बड़ी संख्या में अभ्यार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है। 

शिक्षा बोर्ड के एचटेट लेवल-1 (पीआरटी), लेवल-2 (टीजीटी) एवं लेवल-3 (पीजीटी) की परीक्षा 4 व 5 जुलाई को हुई थी। इसका परिणाम 22 अगस्त को घोषित किया था। परीक्षा परिणाम उपरांत अभ्यर्थियों से प्रश्न-पत्रों व उत्तरकुंजियों के संबंध में काफी सवाल उठाए थे। बोर्ड मुख्यालय के पास भी ऑनलाइन और आफ लाइन करीब 25 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज कराई गई थी।

जिसके बाद बोर्ड ने एचटेट पुनर्समीक्षा रिपोर्ट के आधार पर परीक्षा का संशोधित परीक्षा परिणामबायोमेट्रिक सत्यापन उपरांत शीघ्र घोषित करने का निर्णय लिया है। बोर्ड अध्यक्ष शंकरलाल धूपड़ व सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों का परिणाम संशोधन के उपरांत पात्र श्रेणी में आया है तथा जिनकी बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया अभी शेष है, उन्हें बोर्ड द्वारा निर्धारित केंद्रों पर सत्यापन पूर्ण करने का अवसर दिया जाएगा।

सत्यापन की तिथियां जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर जारी की जाएंगी। संशोधित परीक्षा परिणाम अपलोड़ करने या अन्य किसी प्रकार की तकनीकी त्रुटि होने की अवस्था में बोर्ड को यह परिणाम वापस लेने का पूर्ण अधिकार होगा।

इसी वर्ष होगी एचटेट-2026 परीक्षा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने हरियाणा सरकार के निर्देशों एवं न्यायालय के आदेश के अनुपालन में हरियाणा शिक्षक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2026 का आयोजन इसी वर्ष करवाया जाना प्रस्तावित है।

बोर्ड अध्यक्ष शंकरलाल धूपड़ व सचिव दीपक बाबूलाल करवा ने बताया कि एचटेट-2026 परीक्षा के आयोजन से संबंधित आवश्यक कार्यवाही हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा प्रगति पर है। परीक्षा के आयोजन हेतु विभिन्न स्तरों पर आवश्यक तैयारियां एवं प्रक्रियाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि एचटेट-2026 परीक्षा का आयोजन हरियाणा सरकार के निर्देशों एवं  न्यायालय के निर्णय के अनुसार इसी वर्ष किया जाना है। अतः सभी पात्र परीक्षार्थी परीक्षा की तैयारियां समयानुसार जारी रखें तथा परीक्षा से संबंधित आगामी सूचना एवं कार्यक्रम के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की आधिकारिक सूचनाओं का अवलोकन करते रहें।