{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा के स्कूलों में नई पहल: 9वीं से 12वीं की छात्राओं को मिलेगा फ्लेवर्ड मिल्क और प्रोटीन बार!

हरियाणा के सरकारी स्कूलों में कुपोषण के खिलाफ जंग! अप्रैल 2026 से 9वीं-12वीं की छात्राओं को मिलेगा फ्लेवर्ड मिल्क और प्रोटीन बार। शिक्षा विभाग की नई योजना की पूरी जानकारी।

 
अंबाला  : शिक्षा के साथ-साथ अब स्वास्थ्य पर भी सरकार का बड़ा फोकस है। कुपोषण के खिलाफ जंग को और मजबूत करते हुए हरियाणा के सरकारी स्कूलों में एक नई और सराहनीय पहल की शुरुआत होने जा रही है। अब तक सरकारी स्कूलों में आठवीं कक्षा तक के बच्चों को मिड-डे मील के साथ फ्लेवर्ड मिल्क, प्रोटीन बार और पौष्टिक पिन्नी दी जा रही थी। लेकिन अब इस पोषण कवच का विस्तार किया गया है। 

शिक्षा के साथ-साथ अब बेटियों की सेहत को और भी दुरुस्त करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। अप्रैल महीने से शुरू होने जा रहे नए शैक्षणिक सत्र में, अब कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक की छात्राओं को स्कूलों में फ्लेवर्ड मिल्क और प्रोटीन बार दिया जाएगा। 

जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा ने बताया कि सरकार इस बारे में बहुत चिंतित है कि कई बार हमारे बच्चे कुपोषण का शिकार होते हैं। अब इस स्कीम को बढ़ाया गया है। अप्रैल 2026 से 9वीं से 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्राओं को साल में 75 दिन फ्लेवर्ड मिल्क और 75 दिन प्रोटीन मिल्क बार दिया जाएगा। इससे उनके अंदर प्रोटीन की कमी दूर होगी और पोषण बढ़ेगा। निश्चित रूप से यह कदम न केवल छात्राओं की इम्युनिटी बढ़ाएगा बल्कि स्कूलों में उनकी उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति उत्साह को भी नई ऊर्जा देगा।