Haryana Education Department Order: बुजुर्ग पूर्व सैनिक करेंगे सरकारी स्कूलों में ध्वजारोहण, जारी हुए दिशा-निर्देश
हरियाणा के सभी सरकारी स्कूलों में 15 अगस्त को 'देश के रक्षकों को सलाम' कार्यक्रम आयोजित होगा। बुजुर्ग पूर्व सैनिक करेंगे ध्वजारोहण, छात्र सीखेंगे सैन्य करियर के गुर।
हरियाणा के सभी सरकारी स्कूलों में 15 अगस्त को देश के रक्षकों को सलाम कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। शिक्षा विभाग ने इसके लिए स्कूलों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
कार्यक्रम में गांव, शहर या वार्ड के सबसे बुजुर्ग पूर्व सैनिक को मुख्य अतिथि बनाया जाएगा और उन्हीं से ध्वजारोहण कराया जाएगा। स्कूलों को 12 अगस्त तक ऐसे सैनिकों की सूची तैयार करने और 13 अगस्त तक उन्हें निमंत्रण देने को कहा गया है।
बच्चों को सेना में नौकरी और करियर के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। उन्हें थल सेना, नौसेना और वायुसेना के साथ सैनिक स्कूल, एनडीए और दूसरी सैन्य सेवाओं में जाने के तरीकों के बारे में पीपीटी या वीडियो के जरिये बताया जाएगा।
कक्षा 3 से 5 के बच्चे सैनिकों को पत्र लिखेंगे। चुने गए पत्र सेना मुख्यालय भेजे जाएंगे और बाकी पत्र स्कूल में प्रदर्शित किए जाएंगे। विद्यार्थी अपने क्षेत्र के स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों की जीवनियां जुटाकर एक पुस्तक भी तैयार करेंगे। इसे स्कूल की लाइब्रेरी में रखा जाएगा। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधे भी लगाए जाएंगे।