{"vars":{"id": "123258:4912"}}

HBSE 12th Board Exams: भिवानी में अंग्रेजी की परीक्षा आज, 74 केंद्रों पर धारा-163 लागू

भिवानी में HBSE 12वीं अंग्रेजी परीक्षा के लिए 14,250 छात्र तैयार। प्रश्न पत्रों पर QR कोड और हिडन सिक्योरिटी फीचर्स से होगी नकल पर नकेल। परीक्षा केंद्रों पर कड़े इंतजाम।

 

भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बारहवीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा बुधवार को जिले के 74 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी जिसमें 14,250 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को लेकर बोर्ड और जिला प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं तथा दो परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है।

बुधवार से आरंभ हो रही बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन की परीक्षा केंद्रों पर पैनी नजर रहेगी। परीक्षाओं की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा-163 लागू कर दी गई है। केंद्रों के निकट फोटोस्टेट की दुकानें और कोचिंग सेंटर बंद रहेंगे।


बोर्ड द्वारा प्रश्न पत्रों पर अल्फा न्यूमेरिक कोड, क्यूआर कोड और हिडन सिक्योरिटी फीचर अंकित किए गए हैं। यदि कोई परीक्षार्थी, पर्यवेक्षक, कर्मचारी या अन्य व्यक्ति प्रश्न पत्र की फोटो लेता है तो तुरंत पता चल सकेगा कि प्रश्न पत्र किस परीक्षार्थी का है और कहां से आउट हुआ है। इससे परीक्षाओं के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पर रोक लगाई जा सकेगी।

यदि किसी परीक्षा केंद्र से पेपर आउट होने का मामला सामने आता है तो संबंधित केंद्र अधीक्षक, पर्यवेक्षक और नकल में संलिप्त परीक्षार्थी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहेंगे। यह कदम पेपर लीक की संभावना समाप्त करने और परीक्षा में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है। बोर्ड ने जिले के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल रतेरा और राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल देवराला द्वितीय (नया भवन) को संवेदनशील घोषित किया है।


परीक्षा आरंभ होने से 30 मिनट पहले पहुंचना अनिवार्य
परीक्षार्थियों को प्रवेश-पत्र पर दिए गए दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए परीक्षा आरंभ होने से 30 मिनट पूर्व परीक्षा केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य है। प्रवेश-पत्र पर तिथि अनुसार परीक्षार्थी और पर्यवेक्षक के हस्ताक्षर अनिवार्य हैं, इसलिए प्रवेश-पत्र का लेमिनेशन न करवाएं। परीक्षा केंद्र में इलेक्ट्रॉनिक सामान जैसे मोबाइल, कैलकुलेटर और स्मार्ट वॉच का प्रयोग वर्जित रहेगा। सभी पात्र परीक्षार्थियों को प्रवेश-पत्र जारी किए जा चुके हैं। बिना प्रवेश-पत्र के परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा दोपहर 12:30 बजे से 3:30 बजे तक आयोजित होगी।

बोर्ड की 25 व 26 फरवरी से आरंभ होने वाली दसवीं और बारहवीं की परीक्षाओं को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा के लिए जिले में 74 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। बुधवार को आयोजित होने वाली अंग्रेजी विषय की परीक्षा में जिलेभर से 14 हजार 250 विद्यार्थी शामिल होंगे।