{"vars":{"id": "123258:4912"}}

HBSE Exam Paper Leak: सोनीपत में कार के अंदर पेपर सॉल्व करती पकड़ी गईं 3 महिला टीचर; हरियाणा बोर्ड परीक्षा में नकल के 30 केस दर्ज, 7 सुपरवाइजर सस्पेंड

हरियाणा बोर्ड की 12वीं परीक्षा के दौरान सोनीपत में एक निजी स्कूल की 3 महिला टीचर कार में बैठकर पेपर सॉल्व करते हुए रंगे हाथों पकड़ी गईं। बोर्ड चेयरमैन के दस्ते ने मोबाइल और पर्चियां बरामद की हैं। प्रदेशभर में नकल के 30 मामले दर्ज हुए और ड्यूटी में लापरवाही पर 7 पर्यवेक्षक हटाए गए।

 
भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की शुक्रवार को हुई 12वीं कक्षा की परीक्षा दौरान सोनीपत के गांव कटवाल में नकल करवाने का एक हाई-प्रोफाइल मामला सामने आया है। यहां पर इतिहास और बायोलॉजी की परीक्षा दौरान एक निजी स्कूल की 3 महिला अध्यापिकाएं परीक्षा केंद्र के ठीक बाहर खड़ी एक कार में बैठकर पेपर सॉल्व कर रही थीं। जानकारी मिलने पर शिक्षा बोर्ड चेयरमैन के स्पैशल दस्ते ने मौके पर छापा मारकर तीनों महिला टीचरों को रंगे हाथों दबोच लिया। आरोपी शिक्षिकाएं मोबाइल की मदद से प्रश्न पत्रों को सॉल्व कर रही थीं। ये तीनों शिक्षिकाएं एल.जी.पी. एस. निजी स्कूल की हैं जिनके छात्र उसी केंद्र के अंदर परीक्षा दे रहे थे। टीम ने इनके मोबाइल और हाथ से लिखित पर्चियां बरामद की हैं।

वहीं प्रदेशभर में शुक्रवार को हुई डी.एल.एड. की परीक्षाओं में नकल के 30 मामले दर्ज किए गए। परीक्षा ड्यूटी में लापरवाही बरतने के कारण 7 पर्यवेक्षक कार्यभार मुक्त किए गए। बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि अध्यक्ष के उड़नदस्ते ने चरखी दादरी में 1 व भिवानी में 2 अनुचित साधन प्रयोग के केस पकड़े। अध्यक्ष के उड़नदस्ते भिवानी से संचालित आरएएफ-7 द्वारा कैथल के परीक्षा केन्द्र रावमावि पाडला-1 (बी-1) पर कमरा नंबर 10 में एक परीक्षार्थी के मोबाइल में प्रश्न पत्र की फोटो पाई गई। परीक्षार्थी का अनुचित साधन प्रयोग का केस दर्ज करते हुए केन्द्र अधीक्षक को प्राथमिकी दर्ज करवाने के निर्देश दे दिए हैं तथा केन्द्र पर नियुक्त पर्यवेक्षक नरेश कुमार टी. जी. टी. सामाजिक को परीक्षा ड्यूटी से कार्यभार मुक्त कर दिया।

एस.डी.एम. प्रश्न पत्र उड़नदस्ता पटौदी ने परीक्षा केन्द्र रावमावि पंचगांव पर नियुक्त पर्यवेक्षक वरुण यादव व रणजीत सिंह को एवं नियन्त्रण कक्ष पानीपत से संचालित अध्यक्ष विशेष उड़नदस्ता 3 द्वारा परीक्षा केन्द्र राकवमावि बरवाला -1 पर नियुक्त जसविन्द्र सिंह तथा नियन्त्रण कक्ष गुरुग्राम से संचालित अध्यक्ष विशेष उड़नदस्ता-2 द्वारा परीक्षा केन्द्र रावमावि नधुपुर पर नियुक्त पर्यवेक्षक अजय कुमार को परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने के कारण कार्यभार मुक्त किया गया। अध्यक्ष विशेष आर.ए.एफ. उड़नदस्ते द्वारा परीक्षा केन्द्र रावमावि फरमाना-3 पर नियुक्त पर्यवेक्षक अनिल कुमार व सोमबीर सिंह मलिक को डयूटी में कोताही बरतने के कारण कार्यभार मुक्त किया गया। वहीं प्रदेशभर में गठित अन्य उड़नदस्तों द्वारा नकल के 27 केस पकड़े।