HBSE 12th Board Exam: हरियाणा में अंग्रेजी के पेपर से परीक्षा शुरू, पहले दिन 17 नकल के केस; 2 पर्यवेक्षक ड्यूटी से हटाए गए
हरियाणा बोर्ड 12वीं की परीक्षा के पहले दिन प्रदेशभर में 17 नकल के मामले दर्ज। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार के फ्लाइंग स्क्वाड ने भिवानी व सिवानी में की छापेमारी। ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर रानीला केंद्र के 2 पर्यवेक्षक कार्यमुक्त। पूरी रिपोर्ट।
भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो गईं। पहले दिन अंग्रेजी विषय की परीक्षा में प्रदेशभर में 17 नकल के मामले दर्ज किए गए, जबकि परीक्षा ड्यूटी में कोताही बरतने पर दो पर्यवेक्षकों को कार्यमुक्त कर दिया गया। बोर्ड चेयरमैन सहित विभिन्न उड़नदस्तों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि सीनियर सेकेंडरी शैक्षिक एवं मुक्त विद्यालय अंग्रेजी तथा डीएलएड द्वितीय वर्ष री-अपीयर विषय की परीक्षा के लिए बुधवार को प्रदेशभर में 1177 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। करीब 2,65,851 परीक्षार्थी शामिल हुए। उन्होंने बताया कि उनके नेतृत्व में उड़नदस्ता ने भिवानी, बवानीखेड़ा और सिवानी मंडी के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
बोर्ड सचिव मुनीश शर्मा के उड़नदस्ता ने भिवानी और चरखी दादरी के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मानहेरू परीक्षा केंद्र पर सचिव दस्ता ने नकल के दो मामले दर्ज किए। इसके अलावा प्रदेश में गठित अन्य उड़नदस्तों ने 15 अन्य नकल के मामले दर्ज किए।
उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम भिवानी से संचालित आरएएफ-11 द्वारा केंद्र अधीक्षक के माध्यम से राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रानीला-2 परीक्षा केंद्र पर तैनात पर्यवेक्षक जगबीर कंप्यूटर एलए एवं धर्मेंद्र आर्ट एजुकेशन सहायक ऊण को कार्यभार से मुक्त किया गया। क्योंकि इस केंद्र पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ऊण के परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे थे। प्रदेशभर में परीक्षाओं की मॉनिटरिंग के लिए पानीपत, गुरुग्राम और बोर्ड मुख्यालय पर एक-एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है।
बोर्ड परीक्षाओं को सामूहिक कर्तव्य समझकर बड़ी निष्ठा के साथ परीक्षा की शुचिता व पवित्रता बनाए रखने में सहयोग करें। परीक्षार्थी पूरी मेहनत करें, लेकिन परीक्षा के तनाव को खुद पर हावी न होने दे। समय प्रबंधन पर ध्यान दे और शांत मन से परीक्षा दें। नकल रोकने के लिए पुरजोर प्रयत्न किए जा रहे हैं।