{"vars":{"id": "123258:4912"}}

IIT Admission: कंप्यूटर साइंस और कंप्यूटर इंजीनियरिंग में क्या है अंतर? जानें बेस्ट कोर्स

IIT में कंप्यूटर साइंस (CSE) और कंप्यूटर इंजीनियरिंग (CE) में से कौन-सा कोर्स है बेस्ट? जानें दोनों के सिलेबस, करियर स्कोप और प्लेसमेंट पैकेज का पूरा अंतर।
 

देशभर के आईआईटी संस्थानों में एडमिशन के लिए JoSAA काउंसलिंग की प्रक्रिया चल रही है. इस प्रक्रिया के माध्यम से छात्रों को अपना मनपसंद कॉलेज और मनपसंद कोर्स चुनने का मौका मिलता है. वैसे आज के समय में तो आईआईटी में कंप्यूटर साइंस ही टॉप कोर्स बना हुआ है, पर क्या आप जानते हैं कि कंप्यूटर साइंस से अलग कंप्यूटर इंजीनियरिंग का कोर्स भी होता है? जी हां, ये दोनों ही कोर्स टेक्नोलॉजी और कंप्यूटर से जुड़े हैं, लेकिन इनके सिलेबस और करियर विकल्पों में कुछ महत्वपूर्ण अंतर होते हैं. ऐसे में छात्रों के लिए ये समझना जरूरी है कि दोनों में क्या अंतर होता है और किस कोर्स में नौकरी के बेहतरीन अवसर मिलते हैं. आइए जानते हैं इसके बारे में.

क्या है कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग?

कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग (CSE) का मेन फोकस सॉफ्टवेयर, प्रोग्रामिंग और कंप्यूटिंग सिस्टम पर होता है. इस कोर्स में छात्रों को डेटा स्ट्रक्चर, एल्गोरिदम, ऑपरेटिंग सिस्टम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग , साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कंप्यूटिंग और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट जैसे विषय पढ़ाए जाते हैं. कंप्यूटर साइंस के प्रोफेशनल्स आमतौर पर सॉफ्टवेयर और प्रोग्रामिंग से जुड़ी जटिल समस्याओं को हल करते हैं और अलग-अलग सेक्टर में उपयोग किए जाने वाले सॉफ्टवेयर एप्लिकेशन को डेवलप करते हैं. CSE के छात्र आमतौर पर सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डेटा साइंटिस्ट, AI इंजीनियर, साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट या टेक्नोलॉजी कंसल्टेंट के रूप में काम करते हैं.

क्या है कंप्यूटर इंजीनियरिंग?

कंप्यूटर इंजीनियरिंग (CE) में सॉफ्टवेयर के साथ-साथ हार्डवेयर पर भी फोकस किया जाता है. इस कोर्स में माइक्रोप्रोसेसर, एम्बेडेड सिस्टम, डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर आर्किटेक्चर, नेटवर्किंग और हार्डवेयर डिजाइन जैसे विषय शामिल होते हैं. कंप्यूटर इंजीनियरिंग के छात्र चिप डिजाइन, एम्बेडेड सिस्टम, रोबोटिक्स, कंप्यूटर हार्डवेयर और नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे फील्ड में अपना करियर बनाते हैं.

IIT में कौन-सा कोर्स बेहतर?

कंप्यूटर साइंस और कंप्यूटर इंजीनियरिंग में कौन सा कोर्स बेहतर है, ये तो छात्रों की रुचि पर निर्भर करता है. अगर किसी छात्र को कोडिंग, ऐप डेवलपमेंट, AI और सॉफ्टवेयर में रुचि है तो CSE उसके लिए बेहतर विकल्प है और जो छात्र हार्डवेयर, इलेक्ट्रॉनिक्स और कंप्यूटर सिस्टम के इंटरनल वर्किंग सिस्टम को समझना चाहते हैं, उनके लिए कंप्यूटर इंजीनियरिंग बेहतर विकल्प है. हालांकि इस समय आईटी सेक्टर की भारी डिमांड के कारण IITs में CSE की कटऑफ आमतौर पर सबसे अधिक रहती है और इसे इंजीनियरिंग का सबसे लोकप्रिय ब्रांच माना जाता है.

कितना मिलता है प्लेसमेंट?

आईआईटी संस्थानों में कंप्यूटर साइंस और कंप्यूटर इंजीनियरिंग दोनों के छात्रों को शानदार प्लेसमेंट मिलते हैं. आईआईटी बॉम्बे से लेकर आईआईटी दिल्ली, आईआईटी मद्रास, आईआईटी कानपुर और आईआईटी खड़गपुर जैसे संस्थानों में कंप्यूटर साइंस के छात्रों का औसत पैकेज 20 लाख से 40 लाख रुपये सालाना रहता है और कुछ छात्रों को तो अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से करोड़ों रुपये के ऑफर भी मिलते हैं. वहीं कंप्यूटर इंजीनियरिंग के छात्रों को भी टेक, सेमीकंडक्टर, चिप डिजाइन और इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों में शानदार पैकेज वाली नौकरियां मिलती हैं.