{"vars":{"id": "123258:4912"}}

आईआईटी मद्रास ने जारी किया गेट 2027 का शेड्यूल, डिजीलॉकर हुआ अनिवार्य

आईआईटी मद्रास ने GATE 2027 का शेड्यूल जारी कर दिया है। 14 अगस्त 2026 से रजिस्ट्रेशन शुरू होंगे। इस बार GOAPS पोर्टल पर डिजीलॉकर लिंक करना अनिवार्य होगा।

 

इंजीनियरिंग और हायर एजुकेशन की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स के लिए जरूरी अपडेट है. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मद्रास ने GATE 2027 परीक्षा के रजिस्ट्रेशन का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है. इस बार आवेदन प्रक्रिया 14 अगस्त 2026 से शुरू होगी.आवेदन केवल GOAPS (GATE Online Application Processing System) पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे. इस बार आवेदन प्रक्रिया में एक बड़ा बदलाव किया गया है. सभी उम्मीदवारों के लिए डिजीलॉकर (DigiLocker) अकाउंट को GOAPS पोर्टल से लिंक करना जरूरी होगा.

इससे उम्मीदवारों की जानकारी अपने आप आवेदन फॉर्म में दर्ज हो जाएगी जिससे प्रक्रिया आसान और तेज होगी. संस्थान ने छात्रों को पहले से डिजीलॉकर अकाउंट बनाकर या अपडेट करके तैयार रहने की सलाह दी है, ताकि आवेदन के समय किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

आवेदन होगा आसान

DigiLocker से लिंक होने के बाद उम्मीदवार की कई जरूरी जानकारियां जैसे नाम, जन्मतिथि, प्रोफाइल फोटो, पहचान पत्र संख्या, ईमेल, मोबाइल नंबर और पता खुद आवेदन फॉर्म में आ जाएंगे. इससे गलत जानकारी भरने की संभावना कम होगी और आवेदन प्रक्रिया पहले की तुलना में ज्यादा सरल और तेज हो जाएगी.

जानें आवेदन की अंतिम तारीख

IIT मद्रास के अनुसार, बिना लेट फीस के आवेदन करने की अंतिम तारीख 21 सितंबर 2026 तय की गई है. वहीं, जो उम्मीदवार तय समय तक आवेदन नहीं कर पाएंगे वो 30 सितंबर 2026 तक लेट फीस के साथ अपना फॉर्म जमा कर सकेंगे.

एगजाम का शेड्यूल

GATE 2027 परीक्षा का आयोजन 6, 7, 13, 14, 20 और 21 फरवरी 2027 को किया जाएगा. परीक्षा का परिणाम 19 मार्च 2027 को जारी होने की संभावना है.

DigiLocker से ऐसे करें जानकारी ऑटोफिल

अगर आवेदन के दौरान DigiLocker का विकल्प दिखाई नहीं देता है तो उम्मीदवार GOAPS लिंक के जरिए पोर्टल पर जाकर उसे एक्सेस कर सकते हैं. DigiLocker में लॉगिन करने के बाद अपनी वेरिफाइड जानकारी शेयर करने की अनुमति देनी होगी. इसके बाद आवश्यक डिटेल्स स्वतः फॉर्म में भर जाएंगे और उम्मीदवार आगे की आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे.