{"vars":{"id": "123258:4912"}}

अग्निवीर रिजल्ट 2026 घोषित: लिखित परीक्षा के परिणाम ऐसे करें चेक

इंडियन आर्मी अग्निवीर CEE 2026 रिजल्ट जारी। ARO-wise पीडीएफ डाउनलोड करने और फिजिकल-मेडिकल टेस्ट के नए नियमों की विस्तृत जानकारी यहाँ देखें।

 

भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है. इंडियन आर्मी ने अग्निवीर कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है. जिन उम्मीदवारों ने 1 जून से 16 जून 2026 के बीच आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में हिस्सा लिया था, वो अब अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं. सेना ने रिजल्ट क्षेत्रवार (ARO-wise) और ट्रेड के अनुसार पीडीएफ फॉर्मेट में जारी किया है. लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को अब शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Efficiency Test) और मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा, जिसके नियमों में इस बार कुछ अहम बदलाव भी किए गए हैं.

इन पदों के लिए जारी हुआ रिजल्ट

अग्निवीर भर्ती के तहत जनरल ड्यूटी (GD), टेक्निकल, क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेड्समैन (8वीं और 10वीं पास) और महिला सैन्य पुलिस के पदों का रिजल्ट जारी किया गया है. चयनित उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर, कैटेगरी, संबंधित ARO, ट्रेड और आगे की भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी पीडीएफ में उपलब्ध है.

ऐसे डाउनलोड करें रिजल्ट

रिजल्ट देखने के लिए सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. इसके बाद होमपेज पर मौजूद Agniveer सेक्शन में जाकर Final Result विकल्प चुनें. फिर अपने ARO और ट्रेड के अनुसार उपलब्ध पीडीएफ डाउनलोड करें. डाउनलोड की गई फाइल में Ctrl + F दबाकर अपना रोल नंबर आसानी से खोजा जा सकता है.

अब होगा फिजिकल और मेडिकल टेस्ट

लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को अब भर्ती के अगले चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) और मेडिकल टेस्ट में शामिल होना होगा. सेना ने इस बार दौड़ के नियमों में बदलाव करते हुए उम्मीदवारों को 1.6 किलोमीटर दौड़ पूरी करने के लिए 6 मिनट 15 सेकंड तक का समय दिया है. प्रदर्शन के आधार पर 60, 48, 36 और 24 अंक निर्धारित किए गए हैं. वहीं 10 पुल-अप्स पर 40 अंक मिलेंगे, जबकि 9 फीट लंबी कूद और जिग-जैग बैलेंस टेस्ट केवल क्वालिफाइंग होंगे. इन चरणों में सफल होने के बाद ही उम्मीदवारों का अंतिम चयन किया जाएगा.