{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Success Story IPS Ankita Sharma: सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर बनीं छत्तीसगढ़ की पहली महिला IPS, नक्सल विरोधी अभियानों में मनवाया लोहा

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में पदस्थ IPS अंकिता शर्मा का साड़ी पहनकर AK-47 से फायर करने का वीडियो हुआ वायरल। जानें उनके संघर्ष और IPS बनने की कहानी।

 

दशहरे के पावन पर्व पर पुलिस लाइन्स में शस्त्र पूजन की पुरानी परंपरा रही है। इसी कड़ी में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले की पुलिस अधीक्षक (SP) और चर्चित IPS अधिकारी अंकिता शर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में IPS अंकिता शर्मा पारंपरिक साड़ी पहने हुए हाथ में AK-47 राइफल लेकर शस्त्र पूजन के बाद हवाई फायर करती हुई नजर आ रही हैं। छत्तीसगढ़ कैडर की यह जांबाज अधिकारी सोशल मीडिया पर भी बेहद लोकप्रिय हैं और इंस्टाग्राम पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं।

👮‍♀️ 'लेडी सिंघम' के नाम से मशहूर हैं IPS अंकिता शर्मा: सरकारी स्कूल से पढ़ाई कर तीसरे प्रयास में हासिल की 203वीं रैंक

25 जून 1990 को छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में जन्मी अंकिता शर्मा की शुरुआती पढ़ाई सरकारी स्कूल से हुई। MBA करने के बाद उन्होंने यूपीएससी (UPSC) की तैयारी शुरू की और 2017 की परीक्षा में अपने तीसरे प्रयास में 203वीं रैंक (1035 अंक) हासिल कर 2018 बैच की IPS बनीं। वह होम कैडर पाने वाली छत्तीसगढ़ की पहली महिला IPS अधिकारी हैं। नक्सल प्रभावित इलाकों में अपनी सख्त पुलिसिंग, जांबाजी और कई सफल ऑपरेशनों का नेतृत्व करने के कारण उन्हें राज्य में 'लेडी सिंघम' के नाम से जाना जाता है। बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन भी उनकी बहादुरी की सार्वजनिक रूप से प्रशंसा कर चुकी हैं।