जामिया VC के 'सबके DNA में महादेव' वाले बयान पर बवाल, SFI ने की कड़ी निंदा
जामिया वीसी मजहर आसिफ के 'सभी भारतीयों के DNA में महादेव' वाले बयान पर SFI का कड़ा ऐतराज। छात्रों ने इसे अवैज्ञानिक बताया और प्रदर्शन के दौरान पुलिसिया कार्रवाई का आरोप लगाया।
स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया की जामिया यूनिट ने मजहर आफिस के बयान की कड़ी निंदा की है. मजहर ऑफिस की तरफ से बयान आया था कि सभी भारतीयों के DNA में महादेव हैं. ये बयान RSS द्वारा आयोजित युवा कुंभ कार्यक्रम के दौरान दिया गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. दरअसल, जामिया के वीसी मजहर आसिफ ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में रहने वाले लोगों की भाषा, संस्कृति, क्षेत्र और धर्म अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन इसके बावजूद हम सभी भारतीय हैं क्योंकि ‘महादेव का DNA हम सबके DNA’ में है. इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों से प्रतिक्रिया दी, हालांकि इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है.
इधर, SFI ने इसे अवैज्ञानिक और प्रतिगामी सोच करार देते हुए कहा कि एक प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान के प्रमुख का ऐसा बयान वैज्ञानिक दृष्टिकोण के खिलाफ है. संगठन के मुताबिक, जिस समय छात्र RSS के कार्यक्रम युवा कुंभ का विरोध कर रहे थे, उसी दौरान प्रशासन ने कथित तौर पर सख्ती बरती गई.
छात्रों को घसीटने और पीटने का आरोप
SFI का आरोप है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर प्रॉक्टोरियल टीम ने कार्रवाई की, जिसमें छात्रों को घसीटा गया, पीटा गया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया. इतना ही नहीं, छात्र संगठन का कहना है कि भारी विरोध के चलते ये कार्यक्रम करीब दो घंटे देरी से शुरू हुआ, लेकिन इसके बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन कार्यक्रम में शामिल रहा.
संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि एक तरफ छात्रों की लोकतांत्रिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ RSS जैसे संगठनों के कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है, जो विश्वविद्यालय के लोकतांत्रिक माहौल को प्रभावित करता है.
SFI ने VC और प्रशासन से जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए कहा कि वे इस तरह की ‘भड़काऊ और गैर-वैज्ञानिक बयानबाजी’ और छात्रों के खिलाफ हिंसा का विरोध जारी रखेंगे.