KVS Class 1 Admission 2026: कक्षा 1 की पहली मेरिट लिस्ट आज जारी, ऐसे करें चेक
KVS Class 1 Admission List 2026: केंद्रीय विद्यालय कक्षा 1 की पहली लॉटरी लिस्ट आज जारी होगी। जानें कैसे चेक करें रिजल्ट, जरूरी डॉक्यूमेंट्स और दूसरी-तीसरी लिस्ट की तारीखें।
केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) ने बीते 8 अप्रैल को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बालवाटिका में एडमिशन के लिए लॉटरी रिजल्ट जारी कर दिया और अब क्लास-1 की बारी है. केंद्रीय विद्यालय क्लास-1 एडमिशन की पहली लिस्ट 9 अप्रैल यानी आज जारी की जाएगी. हालांकि असम, केरल और पुडुचेरी में कक्षा 1 और बालवाटिका के लॉटरी रिजल्ट 10 अप्रैल को जारी किए जाएंगे, क्योंकि इन राज्यों में आम चुनाव चल रहे हैं. वैसे तो केंद्रीय विद्यालय संगठन ने बालवाटिका में एडमिशन के रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं, लेकिन चयनित छात्रों को संबंधित स्कूलों से अपने प्रवेश की पुष्टि करानी होगी.
कहां-कहां देख सकते हैं रिजल्ट?
- kvsangathan.nic.in
- admission.kvs.gov.in
ऐसा नहीं किया तो रद्द हो जाएगी सीट
एडमिशन लिस्ट जारी होने के बाद चयनित छात्रों के पैरेंट्स को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश संबंधी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी. प्रवेश प्रक्रिया के लिए उन्हें कुछ डॉक्यूमेंट्स जमा करने होंगे, क्योंकि समय पर डॉक्यूमेंट्स जमा न करने पर सीट रद्द की जा सकती है और वो सीट वेटिंग लिस्ट में शामिल छात्रों को दे दी जाएगी.
कौन-कौन से डॉक्यूमेंट्स जरूरी
- आयु और निवास का प्रमाण
- जन्म प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट साइज फोटो
- ईडब्ल्यूएस/बीपीएल प्रमाणपत्र
- प्राथमिकता कैटेगरी के लिए अभिभावक सेवा प्रमाणपत्र (यदि लागू हो)
- जाति प्रमाण पत्र (आरक्षित कैटेगरी के लिए)
- आय प्रमाण पत्र (आरटीई आवेदकों के लिए)
दूसरी-तीसरी लिस्ट भी हो सकती है जारी
अगर पहली लिस्ट के बाद भी सीटें खाली रह जाती हैं, तो क्लास-1 में एडमिशन के लिए दूसरी लिस्ट 16 अप्रैल को और तीसरी लिस्ट 21 अप्रैल को जारी की जाएगी. प्रवेश प्रक्रिया चरणबद्ध तरीके से संचालित की जाएगी, जिसकी शुरुआत शिक्षा के अधिकार (आरटीई) कैटेगरी के अंतर्गत आने वाले छात्रों से होगी और उसके बाद सेवा प्राथमिकता ग्रुप के छात्रों का प्रवेश होगा.
सीटें खाली रहीं तो ऑफलाइन होंगे रजिस्ट्रेशन
अगर तीसरी लिस्ट के बाद भी सीटें खाली रह जाती हैं, तो फिर उसके लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन होंगे. एडमिशन के लिए ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 22 अप्रैल से शुरू होगी, जो 26 अप्रैल 2026 तक चलेगी. बालवाटिका/कक्षा 2 और उससे आगे के लिए प्रवेश 15 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 के बीच आयोजित किए जाएंगे. एडमिशन की आखिरी डेट (कक्षा 11वीं को छोड़कर) 30 जून 2026 निर्धारित की गई है.